अपडेटेड 21 March 2025 at 21:17 IST

पाकिस्तान के पेशावर में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका, 5 लोगों की मौत; पहला वीडियो आया सामने

पेशावर में किस्साखानी बाजार की जामा मस्जिद में धमाके में 5 लोगों के मारे जाने की खबर है। धमाके के वक्त मस्जिद में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा कर रहे थे।

Blast at Peshawar Mosque During Friday Prayers
पाकिस्तान के पेशावर में जुमे की नमाज के दौरान बड़ा धमाका | Image: X

Pakistan News: पाकिस्तान के पेशावर में जुमे की नमाज के दौरान किस्साखानी बाजार की जामा मस्जिद में बड़ा धमाका हो गया। इस बम बलास्ट में 5 लोगों के मारे और 30 अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। धमाके के वक्त मस्जिद में बड़ी संख्या में नमाजी नमाज अदा कर रहे थे। पाकिस्तान में बढ़ते आतंकी हमले देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए चुनौती बन गए हैं।

पाकिस्तान में आतंकवाद से जुड़ी घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। सबसे अधिक आतंकी हमले बलूचिस्तान प्रांत में हो रहे हैं। इस धमाके के बाद स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबल पूरे इलाके को घेरकर राहत और बचाव में जुटे हैं। किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है।

आतंकवादी गतिविधियों का केंद्र

पेशावर, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी है। यह शहर पाकिस्तान के लिए ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। पेशावर पाकिस्तान के सबसे पुराने शहरों में से भी एक है। इसके साथ ही लंबे समय से ये प्रांत आतंकवादी गतिविधियों का केंद्र रहा है। अफगानिस्तान सीमा के पास होने के कारण आतंकियों के लिए एक महत्वपूर्ण ठिकाना बन गया है। यहां तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) जैसे संगठन सक्रिय रहे हैं। ये संगठन पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर लगातार हमले करते है।

पिछले कुछ सालों में पेशावर में आतंकी हमले बढ़े हैं। जनवरी 2023 में पुलिस लाइंस इलाके में एक मस्जिद में हुए आत्मघाती हमले में 90 से अधिक लोगों की मौत गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी TTP से जुड़े एक गुट ने ली थी। मार्च, 2025 में बलूचिस्तान से पेशावर जाने वाली जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को बलूच लिबरेशन आर्मी ने हाईजैक कर लिया था जिसमें कई जवानों की मौत हो गई थी।

Advertisement

ये भी पढ़ें: संसद में कश्मीर मुद्दे पर खूब बरसे अमित शाह, बताया-मोदी राज में भारत कैसे अमेरिका-इजरायल की पंक्ति में हो गया खड़ा 

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 21 March 2025 at 17:23 IST