अपडेटेड 2 April 2025 at 07:09 IST
Earthquake: म्यांमार के बाद अब पाकिस्तान में डोली धरती, सुबह-सुबह भूकंप के झटकों से दहशत में लोग; कितनी रही तीव्रता?
म्यांमार में भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस विनाशकारी भूकंप ने अबतक 2700 से ज्यादा लोगों की जान ले लीं।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Earthquake News: म्यांमार और थाईलैंड में तबाही मचाने के बाद अब पाकिस्तान की धरती भूकंप के झटकों से कांपी गई। आज (2 अप्रैल) तड़के जब लोग अपने घरों में चैन की नींद सो रहे थे, तभी पड़ोसी मुल्क में भूकंप के झटके से खलबली मच गई। हालांकि भूकंप से किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
दुनियाभर में बीते कई दिनों में अलग-अलग जगहों पर भूकंप के लगातार आ रहे झटकों से दहशत है। इससे पहले म्यांमार और थाईलैंड में 28 मार्च को आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई।
इतनी थी भूकंप के झटकों की तीव्रता
इसके बाद अब पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के मुताबिक पाकिस्तान में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.3 मापी गई। भूकंप के झटके तड़के 2 बजकर 58 मिनट पर आए। इससे कई जगहों पर लोग दहशत के मारे घर से बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र बलूचिस्तान के उथल से 65 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व में 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
म्यांमार में भूकंप से 2700 से ज्यादा मौतें
बीते शुक्रवार (28 मार्च) को 7.7 तीव्रता के आए भूकंप ने म्यांमार को तबाह करके रख दिया। भूकंप से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस विनाशकारी भूकंप ने अबतक 2700 से ज्यादा लोगों की जान ले लीं। रिपोर्ट्स के अनुसार म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रमुख और वरिष्ठ जनरल मिन आंग ह्लाइंग ने राजधानी नेपिता में बताया कि भूकंप की वजह से अबतक 2,719 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 4,521 लोग घायल हुए हैं। अब भी 441 लोग लापता हैं।
Advertisement
मंगलवार को भी म्यांमार में दो बार आए झटके
म्यांमार में अब भी भूकंप के झटके लगातार महसूस किए जा रहे हैं। मंगलवार (1 अप्रैल) को वहां दो बार भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के मुताबिक म्यांमार में शाम करीब 4.30 बजे पहला भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 4.7 मापी गई। वहीं रात करीब 9 बजे दूसरी बार झटके महसूस हुए, जिसकी तीव्रता 4.5 थी।
Advertisement
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 2 April 2025 at 07:09 IST