Iran War: भारत के लिए एक और खुशखबरी, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरा LPG टैंकर 'ग्रीन सान्वी', साथ ला रहा कितनी गैस?

अमेरिका और इजरायल से जंग के बीच ईरान ने भारतीय ध्वज वाले कई जहाजों को सुरक्षित निकलने की अनुमति दी है। इसी के साथ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारतीय झंडे वाला एक और जहाज पार कर गया है।

lpg tanker
lpg tanker | Image: X/Representative

Hormuz News: ईरान जंग के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद होने से दुनियाभर में कच्चे तेल को लेकर संकट पैदा हो गया है। भारत में एलपीजी को लेकर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। इस बीच एक राहत भरी खबर आई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से भारतीय झंडे वाला एक और जहाज पार कर गया है।

अमेरिका और इजरायल से जंग के बीच ईरान ने भारतीय ध्वज वाले कई जहाजों को सुरक्षित निकलने की अनुमति दी है। इसी के साथ महीने भर में होर्मुज पार करने वाला यह सातवां भारतीय जहाज है।

होर्मुज पार कर गया 'ग्रीन सान्वी' जहाज

ताजा अपडेट होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़ने वाले जहाज 'ग्रीन सान्वी' को लेकर मिली है। इसने शुक्रवार यानी 3 अप्रैल को होर्मुज स्ट्रेट पार किया। अब इसके 6 अप्रैल तक मुंबई पहुंचने का अनुमान है। जानकारी के मुताबिक, 'ग्रीन सान्वी' जहाज पर लगभग 44, 000 मीट्रिक टन से ज्यादा एलपीजी होने का अनुमान है।

जहाज ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, एलपीजी टैंकर 'ग्रीन सान्वी' शुक्रवार की शाम को ईरान के समुद्री इलाके से होते हुए कॉरिडॉर का इस्तेमाल कर होर्मुज स्ट्रेट के पूरब में पहुंच गया और अब मुंबई की तरफ बढ़ रहा है। यह युद्ध से पहले भारत की एलपीजी खपत के आधे दिन के बराबर बताई जा रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में रोजाना 55,000 मीट्रिक टन से ज्यादा LPG का उपयोग होता है।

Advertisement

कई जहाज कर रहे क्लीयरेंस का इंतजार

खैर, अब भी भारत के कई तेल-गैस वाले जहाज ऐसे हैं जो होर्मुज में फंसे हुए हैं। वह ईरान की ओर से क्लीयरेंस मिलने की राह ताक रहे हैं। एक्सपर्ट्स और इंडस्ट्री के जानकारों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में एलपीजी टैंकरों 'ग्रीन आशा' और 'जग विक्रम' के भी होर्मुज पार कर भारत की ओर बढ़ने की संभावना है।

किन देशों को होर्मुज पार करने की अनुमति?

अमेरिका और ईरान में जंग जारी है और इससे मिडिल ईस्ट में तनाव भी चरम पर पहुंच चुकी है। इस बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही बाधित होने से कई देश प्रभावित हुए हैं। पिछले हफ्ते ईरान ने कहा था कि अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगी देशों के अलावा अन्य देशों के जहाज ईरानी अधिकारियों के साथ सामंजस्य से होर्मुज पार कर सकते हैं।

Advertisement

LPG संकट के बीच एक्टिव सरकार

जान लें कि भारत अपनी कुल एलपीजी जरूरत का लगभग 60% आयात करता है, जिसमें 85 से 90 फिसदी हिस्सा इसी रूट से आता है। सोशल मीडिया पर काफी वीडियो वायरल हुए जिसमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, पुणे और चेन्नई में लंबी कतारें लगी हुई थीं। संकट को देखते हुए सरकार की ओर से लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: जंग पर ट्रंप के अड़ियल रवैये से दुनिया में कोहराम, 4 साल में क्रूड ऑयल में सबसे बड़ी उछाल, पाकिस्तान में पेट्रोल 500 के पार, अब कोई नहीं बच पाएगा!

Published By :
Priyanka Yadav
पब्लिश्ड