इजरायल-हमास युद्ध: NSA डोभाल ने PM नेतन्याहू से की मुलाकात, बंधकों की रिहाई और मदद पर हुई चर्चा
इजरायल और हमास युद्ध के बीच NSA अजीत डोभाल और इजारयली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने मुलाकात की है। मुलाकात में युद्ध स्थिति को लेकर चर्चा हुई।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

इजरायल और हमास युद्ध के बीच NSA अजीत डोभाल और इजारयली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने मुलाकात की है। इस मुलाकात में बंधकों की रिहाई और मानवीय मदद को लेकर चर्चा हुई है। इजरायली पीएम के ऑफिस की ओर से सोशल मीडिया पर जानकारी दी गई।
पोस्ट में लिखा गया, "प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने आज भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की और उन्हें गाजा पट्टी में लड़ाई के हालिया घटनाक्रम से अवगत कराया। दोनों पक्षों ने बंधकों को छुड़ाने के प्रयास और मानवीय सहायता के मुद्दे पर भी चर्चा की।"
अबतक 30 हजार लोगों की मौत
7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हमास के आतंकियों ने 5 हजार रॉकेट दागे। इसके अलावा 250 लोगों को बंधक बनाकर गाजा में कैद कर लिया। इसके बाद इजरायल ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। युद्ध में अबतक करीब 30 हजार लोग मारे जा चुके हैं। रमदान शुरू हो गया है, ऐसे में शंका जताई जा रही है कि हालात बिगड़ सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि गाजापट्टी में बिजली, पानी, सफाई जैसे तमाम सुविधाओं का अभाव देखा जा रहा है। अबतक गाजा में कुपोषण और निर्जलीकरण से 25 लोगों की मौत हो गई है। ऐसे में गाजा में रमदान के महीने में स्थिति और भी बिगड़ने की आशंका है।
हमास को खत्म करने में मिल रहा इजरायलियों का समर्थन: पीएम नेतन्याहू
पीएम नेतन्याहू ने हाल ही के एक इंटरव्यू में कहा, “मेरी नीतियों को इजरायलियों का भारी समर्थन हासिल है। हमास के आतंकियों को खत्म करने की हमारी कार्रवाई का इजरायल के लोग समर्थन कर रहे हैं। इजरायली लोग कहते हैं कि एक बार जब हम हमास को नष्ट कर देंगे तो हमारा आखिरी काम होगा गाजा का प्रभारी फिलिस्तीनी प्राधिकरण को सौंपना, जो अपने बच्चों को आतंकवाद के प्रति शिक्षित करता है।”