US Iran: पुतिन संग मुलाकात के बाद फिर पाकिस्तान पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची, 48 घंटों में तीसरा दौरा, क्या है मकसद?
US Iran news: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची 48 घंटों में तीसरी बार पाकिस्तान पहुंचे हैं। उनकी इस यात्रा को अमेरिका के साथ जारी तनाव को कम करने की कूटनीतिक कोशिशों का हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

US Iran news: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची फिर पाकिस्तान पहुंच गए हैं। पिछले 48 घंटों में यह उनका इस्लामाबाद का तीसरा दौरा है। पाकिस्तान से वे रूस गए थे और वहां से लौटने के बाद एक बार फिर वहां पहुंच गए हैं। रूस में अराघची ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत की थी।
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की शांति वार्ता इस्लामाबाद में होनी थी, जो नहीं हो पाई है। पहले ईरान इस बातचीत के लिए मान नहीं रहा था। बाद में ट्रंप ने अपना डेलिगेशन भेजने से इनकार कर दिया।
कई देशों का दौरा कर रहे अराघची
इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची एक के बाद एक कई देशों का दौरा कर रहे हैं। सबसे पहले वे पाकिस्तान पहुंचे, जहां उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर संग बातचीत की। शनिवार (25 अप्रैल) को अराघची पाकिस्तान से ओमान चले गए। रविवार (26 अप्रैल) शाम को वापस पाकिस्तान आ गए।
पाकिस्तान के बाद उन्होंने रूस का दौरा किया और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। अब वे 48 घंटे में तीसरी बार पाकिस्तान पहुंच गए हैं। उनके इन ताबड़तोड़ दौरों को संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक कूटनीतिक प्रयास का हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।
Advertisement
‘ईरान को रूस जैसा मजबूत साझेदार मिला’
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पुतिन संग मुलाकात के बाद बताया कि तेहरान और मॉस्को के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने के कई प्रस्ताव रखे गए।
अराघची ने संघर्ष के दौरान रूस द्वारा दिए गए अटूट समर्थन के लिए मॉस्को का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने खुलकर कहा कि हाल की जंग ने साबित कर दिया है कि ईरान को रूस जैसा मजबूत और विश्वसनीय मित्र और रणनीतिक साझेदार मिला हुआ है। ईरान की सरकारी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आश्वासन दिया कि रूस पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के सभी प्रयासों का पूरा समर्थन करेगा और ईरान के हितों की रक्षा में हर संभव मदद करेगा। पुतिन ने उम्मीद जताई कि इस क्षेत्र में जल्द ही स्थिरता और शांति लौट आएगी।
Advertisement
ईरान ने ट्रंप को भेजा नया प्रस्ताव, बनेगी बात?
ईरान ने पाकिस्तान के जरिए समझौते के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नया प्रस्ताव भेजा है। इसमें उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट खोलने के लिए हामी भर दी है। साथ ही, ईरान ने अमेरिका के सामने परमाणु कार्यक्रम पर फिलहाल परमाणु वार्ता टालने की भी बात कही है।
व्हाइट हाउस ने भी पुष्टि की है कि ईरान द्वारा संघर्ष समाप्त करने और होर्मुज को फिर से खोलने के प्रस्ताव पर चर्चा चल रही है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा टीम के साथ इस प्रस्ताव पर चर्चा की है।
मौजूदा स्थिति की बात करें तो फिलहाल तो दोनों देशों के बीच सीजफायर लागू है। ट्रंप ने सीजफायर को अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा दिया था। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि सीजफायर तब तक जारी रहेगा, जब तक प्रस्ताव पेश नहीं हो जाता और दोनों पक्षों के बीच चर्चाएं पूरी नहीं होतीं। देखना होगा कि आगे क्या होता है? दोनों देश किसी समझौते पर पहुंच पाएंगे या युद्ध फिर भड़केगा?