सऊदी एयरपोर्ट पर हूतियों का मिसाइल अटैक, 3 की मौत कई घायल, एअर इंडिया-इंडिगो ने रियाद के लिए उड़ानें रद्द की; भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी
सऊदी अरब में मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए जरूरी एडवायजरी जारी की है। दूतावास ने भारतीयों को पूरी तरह सतर्क रहने, जरूरत पड़ने पर घरों के अंदर रहने और किसी भी तरह के वीडियोको सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से बचने की सलाह दी है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Indian Embassy warns Nationals in Saudi: पश्चिम एशिया में भड़की जंग अब सीधे सऊदी अरब की राजधानी रियाद तक पहुंच गई है, जहां हूती विद्रोहियों द्वारा किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक घातक बैलिस्टिक मिसाइल हमला किए जाने का दावा किया जा रहा है। इस भीषण धमाके के बाद वहां रहने वाले भारतीय प्रवासियों की सुरक्षा को लेकर रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने बड़ा कदम उठाया है। खाड़ी देश की इन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क और सावधान रहने, सुरक्षा के लिहाज से आवश्यकतानुसार घरों के अंदर रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की सलाह दी है।
अफवाह फैलाने से बचने की सलाह
इसके साथ ही भारत सरकार ने अपने नागरिकों से खास अपील की है कि वे सोशल मीडिया या किसी भी अन्य प्लेटफॉर्म पर चल रही घटनाओं से जुड़े किसी भी असत्यापित वीडियो, तस्वीरों या समाचारों को न तो फैलाएं और न ही उन्हें दोबारा पोस्ट करें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह को बढ़ने से रोका जा सके।
भारतीय नागारिक मदद के लिए कहां करें संपर्क?
इस सलाह में आगे कहा गया है कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास और वीएफएस के माध्यम से दी जाने वाली इसकी आउटसोर्स सेवाएं सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं। आवश्यकतानुसार अपडेट और सलाह जारी करती रहेंगी। प्रवासी भारतीय सहायता केंद्र की 24x7 हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 8002471234 पर उपलब्ध है।
Advertisement
भारत ने हमलों की कड़ी निंदा की
इससे पहले भारत ने सऊदी अरब के दो एयरपोर्ट पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की थी और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया था। विदेश मंत्रालय की ओर से एक बयान में कहा गया, 'भारत रियाद में आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर पिछले कुछ दिनों में हुए हमलों की निंदा करता है, जिसमें नागरिकों की मौतें हुई और चोटें आई है।'
बयान में आगे कहा गया, 'जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। साथ ही घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।'
Advertisement
रियाद के लिए एअर इंडिया, इंडिगो की उड़ानें रद्द
वहीं रियाद में सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर एअर इंडिया, इंडिगो और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने गुरुवार को रियाद जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 10 अक्टूबर तक के लिए रद्द कर दी हैं और साथ ही प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड देने का आश्वासन दिया है।
6 और 7 अक्टूबर को हुआ हमला
बता दें कि किंगडम के जीएसीए (General Authority of Civil Aviation) के अनुसार, 6 और 7 अक्टूबर को आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अलग-अलग हमले हुए, जिनमें कुल तीन लोगों की मौत हो गई और 36 लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आभा एयरपोर्ट पर हुए हमले में दो लोगों की जान गई और 28 लोग घायल हुए, जबकि किंग खालिद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई और आठ लोग जख्मी हुए।