आप पूरी दुनिया के हीरो...नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से की वीडियो कॉल पर बात, इजराइली स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी के साथ मशाल जलाने का दिया न्योता
फ्लाईदुबई विमान घटना के दौरान 174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार का नाम अब दुनियाभर में गूंज रहा है। इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छर से फोन पर बातचीत की और उन्हें हीरो करार दिया।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read
फ्लाईदुबई विमान घटना के दौरान 174 लोगों की जान बचाने वाले कैप्टन स्मित मच्छार का नाम अब दुनियाभर में गूंज रहा है। इस बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छर से फोन पर बातचीत की और उन्हें हीरो करार दिया। 30 सितंबर को हुई मिड-एयर इमरजेंसी के दौरान उनके बहादुरी भरे जीवन-रक्षक कदमों की सराहना करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि आप इजरायल, भारत और पूरी दुनिया के हीरो हैं।
नेतन्याहू ने स्मित को इजराइल आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा- मैं आपको और अपने दोस्त पीएम मोदी को अगले स्वतंत्रता दिवस पर जश्न की मशाल जलाने का न्योता देना चाहता हूं। नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित से पूछा कि फ्लाइट में आखिर हुआ क्या था। स्मित ने बताया कि हमले से पहले को-पायलट ने प्रेयर करने की इच्छा जताई थी। प्रेयर के कुछ मिनट बाद उसने अचानक उन पर हमला कर दिया।
नेतन्याहू ने 6 मिनट तक वीडियो कॉल पर की बात
बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लाईदुबई एयरलाइन के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से करीब 6 मिनट तक वीडियो कॉल पर बात की। कैप्टन मच्छार ने इजरायली पीएम से बात करनी शुरू की, तो वे काफी सॉफ्ट टोन में बात कर रहे थे। हाल-चाल लेने के बाद आखिर में नेतन्याहू ने उनसे पूछ ही लिया कि उस दिन कॉकपिट में हुआ क्या था? इजरायल के प्रधानमंत्री ये जानने के लिए तड़प भी रहे थे क्योंकि कैप्टन स्मित से बेहतर इसे कोई नहीं बता सकता था।
Advertisement
फिर शुरू हुई खौफनाक कहानी- कैप्टन ने बताया कि वो आम दिनों जैसी ही फ्लाइट थी और उनके साथ मौजूद था ओमानी को-पायलट हमाम अल हमामी। उसने कैप्टन से कहा कि वो नमाज पढ़ने जा रहा है। उसके मजहब का सम्मान करते हुए कैप्टन स्मित ने प्रार्थना के वक्त उसकी तरफ देखा भी नहीं, लेकिन उन्हें इस सम्मान के बदले जो मिला, वो भयावह से भी ज्यादा भयावह था।
इसके बाद कैप्टन स्मित ने जब बताना शुरू किया कि उनके पीछे बैठे को-पायलट ने उनके सिर पर हमला किया। पहली बार उन्हें लगा कि ये टर्बुलेंस जैसा कुछ है लेकिन अगले ही पल ताबड़तोड़ हमले होने लगे, तब उन्हें एहसास हुआ कि ये कोई और नहीं उनका अपना साथी है। कैप्टन स्मित की ये बात सुनते ही इजरायली पीएम के चेहरे का रंग वीडियो में बदलते हुए देखा जा सकता है। उनकी आंखों में मानो आग उतर आती है, वे कुछ कहना चाहते हैं लेकिन उन्होंने सिर्फ कैप्टन स्मित की असाधारण बहादुरी की तारीफ की और उन्हें इजरायल आने का न्यौता दिया।