अपडेटेड 27 February 2024 at 09:48 IST

मिस्र के नील नदी में मजदूरों से सवार नाव पलटी, घटना में करीब 10 लोगों की मौत

Egypt की राजधानी के बाहर नील नदी में नाव पर सवार होकर मजदूर काम पर जा रहे थे लेकिन तभी एक हादसा हुआ और 15 में से करीब 10 की मौत हो गई।

Egypt boat accident
मिस्र में नाव हादसा | Image: pexels

मिस्र के नील नदी में एक बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल, मजदूरों को लेकर जा रही एक नाव नदी में पलट गई, जिससे करीब 10 लोगों की मौत हो गई। घटना 26 फरवरी, सोमवार की बताई जा रही है। अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दिहाड़ी मजदूरों को ले जा रही एक नाव मिस्र की राजधानी के ठीक बाहर नील नदी में डूब गई, जिससे उसमें सवार 15 लोगों में से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई।

वहीं जो 5 लोग बचे हैं, उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जनशक्ति मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि जो पांच बच गए उन्हें अस्पताल ले जाया गया और फिर इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं डूबने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है।

मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान

मंत्रालय की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों के लिए 200,000 मिस्र पाउंड (लगभग $6,466) और सभी घायलों के लिए 20,000 मिस्र पाउंड ($646) के मुआवजा का ऐलान किया। ये सभी मजदूर मिस्र की ही एक निर्माण कंपनी में काम करने जा रहे थे। स्थानीय मीडिया के अनुसार, रेस्क्यू टीम को शवों को निकालने में घंटों लग गए। रेस्क्यू ऑपरेशन को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव-स्ट्रीम किया गया, जिसमें गोताखोरों को मृतकों की तलाश करते हुए दिखाया गया। वहीं इलाके के लोग नील नदी के किनारे इंतजार कर रहे थे। यह घटना गीजा के मोन्शात अल-कनाटर शहर में हुई, जो ग्रेटर काहिरा बनाने वाले तीन प्रांतों में से एक है।

बता दें, मिस्र के कई लोग अपने दैनिक जीवन में कहीं भी आने जाने के लिए नावों का उपयोग करते हैं। खास तौर पर ऊपरी मिस्र और नील डेल्टा में लोग आने-जाने के लिए नाव का ही इस्तेमाल करते हैं। अरब दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में छुट्टियों के दौरान नील नदी के किनारे नाव का आनंद उठाना सबसे पसंदीदा काम माना जाता है।

Advertisement

कुव्यवस्था और नियमों की कमी के कारण होती दुर्घटनाएं

मिस्र में खराब रखरखाव और नियमों की कमी के कारण फेरी, रेलवे और सड़क दुर्घटनाएं आम बात है। 2022 में, एक छोटे ट्रक के नौका से फिसलकर नील नदी में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई और आठ लोग लापता हो गए। वहीं 2015 में, नील नदी पर नाव और स्को के बीच टक्कर में 35 लोगों की मौत हो गई।

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 27 February 2024 at 06:58 IST