सुबह-सुबह एक साथ तीन देशों में डोली धरती... चीन-पाकिस्तान और अफगानिस्तान में आया भूकंप; कल तिब्बत में गई थी 16 लोगों की जान
दुनिया के तीन देशों में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। तीनों देशों में धरती हिलने से लोगों में भारी दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। हालांकि, अभी तक किसी नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

Earthquake in China, Pakistan, Afghanistan: तिब्बत में आए 7.0 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के कारण अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है और 32 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस शक्तिशाली के भूकंप के बाद दुनिया के तीन और देशों में शुक्रवार की सुबह भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए हैं।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में आए भूकंप की तीव्रता 4.1 से 4.9 के बीच रही। इन तीनों देशों में धरती हिलने से लोगों में भारी दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे।
कहां कितनी रही तीव्रता?
NCS के अनुसार, पाकिस्तान में सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र जमीन से 15 किलोमीटर की गहराई में था। वहीं अफगानिस्तान में सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता का झटका महसूस किया गया जिसकी गहराई 25 किलोमीटर दर्ज की गई और चीन में सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र भी 15 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। हालांकि, अभी तक किसी नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं है।
तिब्बत में आज फिर आया भूकंप
इसके अलावा तिब्बत में 23 अक्टूबर की सुबह 05:54 बजे फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। NCS के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.4 मापी गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र 32.492 N अक्षांश और 93.618 E देशांतर पर स्थित था और इसकी गहराई जमीन से 15 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
Advertisement
7.0 की तीव्रता वाले भूकंप से भारी तबाही
इससे पहले, 22 अक्टूबर को तिब्बत में जोरदार झटके महसूस किए गए थे, जिसकी तीव्रता 7.0 दर्ज की गई थी। इस भूकंप के कारण अबतक 16 लोगों की जान जा चुकी है। 32 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घर-मकान को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।
सैकड़ों की संख्या में घर तबाह
जानकारी के मुताबिक, उत्तरी क्षेत्र के नागकू शहर में सैकड़ों की संख्या में घर तबाह हो गए। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि भूकंप के चलते कम से कम 339 घर और 20 एनिमल शेड ढह गए हैं। फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है।