बांग्लादेश के राष्ट्रपति शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा, शेख हसीना की वापसी की चर्चा के बीच वो एक कॉल, जिसपर मचा बवाल और बिगड़ गई बात
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने गंभीर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। तत्काल प्रभाव से उनका इस्तीफा मंजूर भी कर लिया गया है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 3 min read

बांग्लादेश के सियासी गलियारों में एक बार फिर हलचल बढ़ गई। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से मंजूर भी कर लिया गया है। संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस मुद्दे पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा बांग्लादेश के समय के अनुसार शाम 5:00 बजे की गई।
बांग्लादेश के संविधान के अनुसार,अगर राष्ट्रपति इस्तीफा देते हैं, तो नए राष्ट्रपति के चुने जाने तक संसद के स्पीकर कार्यवाहक राष्ट्रपति के तौर पर काम करेंगे। इसके बाद संवैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जातीय संसद के सदस्य नए राष्ट्रपति को चुनेंगे। चूंकि नए राष्ट्रपति का कार्यकाल मौजूदा संसद से जुड़ा होगा, इसलिए अगला राष्ट्राध्यक्ष कौन बनेगा, यह सवाल भी काफी अहम हो गया है।
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने गंभीर स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए जातीय संसद के स्पीकर मेजर (रिटायर्ड) हाफिज उद्दीन अहमद को अपना इस्तीफ़ा सौंप दिया है। शहाबुद्दीन का पांच साल का कार्यकाल खत्म होने में अभी लगभग दो साल बाकी था। मगर इससे पहले उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
शेख हसीना युग का अंत
मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे के साथ शेख हसीना युग का भी अंत हो गया। अप्रैल 2023 में पद संभालने वाले शहाबुद्दीन, पिछली अवामी लीग सरकार के एकमात्र ऐसे संवैधानिक पदाधिकारी थे जो जुलाई-अगस्त 2024 में छात्रों के बड़े पैमाने पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बाद भी अपने पद बचाने में कायम रहे थे।
Advertisement
वो एक कॉल जो बनी इस्तीफे की वजह
बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार ने इस इस्तीफे के संकेत पहले ही दे दिए थे। रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति शाहाबुद्दीन के इस्तीफे की सबसे बड़ी वजह मई महीने में उनकी लंदन यात्रा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से कथित फोन पर हुई बातचीत माना जा रहा है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस गोपनीय बातचीत की जानकारी खुफिया एजेंसियों तक पहुंच गई, जिसके बाद उच्च स्तर से राष्ट्रपति को पद छोड़ने का संदेश दिया गया।
वहीं, एक और बांग्लादेशी समाचार पत्र प्रथम आलो के हवाले से सरकार के एक बड़े सूत्र ने बताया कि शाहाबुद्दीन ने हाल ही में हसीना से दोबारा संपर्क साधने की कोशिश की थी। उनके इस कदम से सत्ताधारी गठबंधन बेहद नाराज हो गया। मोहम्मद शहाबुद्दीन को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का करीबी माना जाता है।
Advertisement
कौन होगा बांग्लादेश का अगला राष्ट्रपति?
बता दें कि राष्ट्रपति के पद पर शहाबुद्दीन की नियुक्ति पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यकाल में हुई थी। उन्हें सत्ताधारी अवामी लीग के उम्मीदवार के तौर पर निर्विरोध चुना गया था। उनका पांच साल का कार्यकाल अप्रैल 2028 में खत्म होने वाला था। इस बीच नए राष्ट्रपति के नाम को लेकर अटकलें तेज हो गई है। कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति बन सकते हैं। उनका नाम शीर्ष संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सामने आ रहा है।