अपडेटेड 3 March 2026 at 08:05 IST
Afghanistan Vs Pakistan: पाकिस्तान पर तालिबान का तगड़ा प्रहार, डूरंड लाइन पार कर पाक चौकियों पर किया कब्जा
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है। हालात शांत होने के बजाय और उलझते दिख रहे हैं। मंगलवार तड़के दोनों देशों में झड़प देखने को मिली है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है। हालात शांत होने के बजाय और उलझते दिख रहे हैं। मंगलवार तड़के दोनों देशों में झड़प देखने को मिली है। तालिबान ने डूरंड लाइन पर दो पोस्टों पर कब्जा कर लिया है। टोलो न्यूज के मुताबिक इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान की सेनाओं ने कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक और शोराबक जिलों में काल्पनिक डूरंड लाइन के पास पाकिस्तानी मिलिट्री पोस्ट पर कब्जा कर लिया है।
यह इलाका लंबे समय से दोनों देशों के बीच विवाद का केंद्र रहा है और इस ताजा कब्जे ने इस्लामाबाद की चिंताएं बढ़ा दी हैं। तालिबान की इस बढ़ती आक्रामकता ने साबित कर दिया है कि वह अब केवल रक्षात्मक नहीं बल्कि आक्रामक रुख अपनाकर पाकिस्तान के भीतर तक घुसने की तैयारी में है। आपको बता दें कि दोनों देश करीब 2600 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं। दोनों देशों के बीच यह पिछले कई वर्षों का सबसे बड़ा सीधा सैन्य टकराव माना जा रहा है।
पोस्ट छोड़कर भाग गए पाक सैनिक
बताया जा रहा है कि जाबुल के शमुलजई जिले के शिन बंद इलाके तक अफगान बल आगे बढ़े। कुछ जगह पाक सैनिक पोस्ट छोड़कर भाग गए। अफगान रक्षा मंत्रालय का कहना है कि स्पिन बोल्दक में 3 पाक सैनिक मारे गए और एक को जिंदा पकड़ा गया।
Advertisement
ऐसे शुरू हुआ टकराव
लड़ाई तब शुरू हुई जब अफगान तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के ठिकानों पर ‘जवाबी कार्रवाई’ करने की बात कही। उसका कहना था कि पाकिस्तान ने अफगान जमीन पर हमला किया है। इसके बाद पाकिस्तान ने लड़ाकू विमानों से हवाई हमले किए और तालिबान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। पाकिस्तान ने पहली बार सीधे अफगान सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह ऐसे लड़ाकों को शरण दे रही है जो इस्लामाबाद सरकार को गिराना चाहते हैं।
Advertisement
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 3 March 2026 at 07:41 IST