5 सेकेंड और भीड़ को रौंदते गई कार, जर्मनी के क्रिसमस बाजार में सऊदी के ड्राइवर ने मचाया आतंक; 2 मरे
जर्मनी के शहर मैगडेबर्ग में कार ड्राइवर ने क्रिसमस के व्यस्त आउटडोर बाजार में घुसकर 2 लोगों की जान ले ली और कम से कम 60 अन्य घायल हो गए।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

Germany Christmas market: जर्मनी के बाजार में क्रिसमस की खरीददारी थी। लोगों की जबरदस्त भीड़ थी, क्योंकि वीकेंड में लोग ज्यादा खरीददारी के लिए निकले हुए थे। हालांकि एक सनकी कार ड्राइवर ने कई लोगों को अपनी गाड़ी से रौंद दिया। शुक्रवार को पूर्वी जर्मनी के शहर मैगडेबर्ग में कार ड्राइवर ने क्रिसमस के व्यस्त आउटडोर बाजार में घुसकर 2 लोगों की जान ले ली और कम से कम 60 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने इसे जानबूझकर किया गया हमला बताया है।
जर्मनी के क्रिसमस बाजार में मचे आतंक की तस्वीरें सामने आई हैं। एक सीसीटीवी फुटेज में तेज रफ्तार कार को लोगों को कुचलते हुए देखा गया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसके शुरुआती तकरीबन 5 सेकेंड के भीतर ही सारी घटना घट गई। वीडियो में नजर आया कि एक तेज रफ्तार कार भीड़ के बीच घुसती है और लोगों को रौंदते-उड़ाते हुए निकल जाती है। लोग कुछ समझ पाते और खुद को संभाल पाते, उसके पहले ही 5 सेकेंड के भीतर ही ये सब हो गया। जिन दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, उनमें एक वयस्क और एक बच्चा शामिल है, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है, 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार किया
हालांकि कार के शाम 7 बजे बाजार में घुसने के कुछ ही समय बाद ड्राइवर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उस कार को भी जब्त कर लिया है, जिससे घटना को अंदाज दिया गया। संदिग्ध एक 50 साल का सऊदी डॉक्टर है, जो 2006 में जर्मनी चला गया था। सैक्सोनी-एनहाल्ट राज्य के आंतरिक मंत्री तमारा जीशैंग मीडिया से बातचीत में कहते हैं कि संदिग्ध डॉक्टर मैगडेबर्ग से लगभग 40 किलोमीटर (25 मील) दक्षिण में बर्नबर्ग में ट्रेनिंग कर रहा था।
जर्मनी में 8 साल पहले भी हुई ऐसी घटना
ये घटना बर्लिन के पश्चिम में लगभग 240000 लोगों के शहर मैगडेबर्ग में हुई, जो सैक्सोनी-एनहाल्ट की राजधानी है। शुक्रवार को हुए हमले से 8 साल पहले एक इस्लामी चरमपंथी ने बर्लिन में क्रिसमस के भीड़ भरे बाजार में ट्रक घुसा दिया था, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। हमलावर को कुछ दिनों बाद इटली में गोलीबारी में मार गिराया गया था।