अपडेटेड 18 February 2026 at 23:10 IST
पति से करती थी बेइंतहा प्यार, मौत के बाद ऐसा लगा सदमा... कलश में रखी राख को साथ लेकर घूमती और चाटती, फिर क्या हुआ?
केसी अपने पति की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। वो पति की राख वाला कलश अपने साथ लेकर घूमती थी। फिर उसे पति की राख खाने की लत भी लग गई।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

मोहब्बत एक ऐसा अहसास होता है जो मौत के बाद भी खत्म नहीं होता। अपने किसी प्रियजन को खोना जरा भी आसान नहीं होता, खासतौर पर जब बात आपके लाइफ पार्टनर की हो। हालांकि, कुछ लोग तो मौत के सदमे में इस तरह घिर जाते हैं कि खुद को ही नुकसान पहुंचाने लगते हैं। ऐसा ही यूके की एक महिला ने किया जब उसने मौत के बाद अपने पति की राख को खाना शुरू कर दिया।
हम बात कर रहे हैं केसी नाम की एक महिला की जिसने 2009 में शॉन से लव मैरिज की थी। दोनों की दुनिया किसी फेयरीटेल से कम नहीं थी। हालांकि, ढाई साल बाद 2011 में उनकी दुनिया पूरी उलट-पुलट हो गई जब अचानक शॉन को भयानक अस्थमा अटैक आया और उन्होंने बिना अलविदा कहे दम तोड़ दिया। एक ही झटके में केसी की पूरी दुनिया उनकी नजरों के सामने बिखर गई।
पति की राख को साथ लेकर घूमती थी महिला
केसी की कहानी TLC UK की My Strange Addiction सीरीज में दिखाई गई थी। यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में केसी बता रही हैं कि कैसे अपने पति की मौत से वो उबर नहीं पा रही थीं। वो अपने पति की राख वाले कलश को हमेशा अपने सीने से चिपकाए रखती हैं। चाहे सब्जी खरीदने जाना हो, मूवी थिएटर या फिर रात को सोते वक्त, कलश हमेशा उनके पास ही रहता है।
इतना ही नहीं, केसी उस कलश से ऐसे बात करती हैं जैसे वो अपने पति से ही बात कर रही हो। उनकी पसंद का खाना बनाती हैं, उनकी पसंद की फिल्में देखती हैं। 24 घंटे कलश उनके पास ही रहता है। हालांकि, उनकी दीवानियत की हद तो तब बढ़ गई जब केसी ने कलश के अंदर रखी राख को खाना शुरू कर दिया।
Advertisement
महिला को लगी पति की राख खाने की लत
केसी एक दिन राख को किसी नए कलश में शिफ्ट कर रही थीं जब थोड़ी राख उनकी उंगली पर गिर गई। वो उसे झाड़ना नहीं चाहती थीं क्योंकि उन्हें लगा कि वो अपने पति को दूर कर रही हैं। फिर उन्होंने जो किया, उसे जानकर आपको यकीन नहीं होगा। केसी ने राख को चाट लिया। इसका उन्हें ऐसा चस्का चढ़ा कि ये उनकी लत ही बन गई।
केसी दिन में 4-5 बार अपने पति की राख खाने लगी थी। ये उनकी लत बन चुकी थी। उन्होंने कहा कि राख का स्वाद सड़े अंडे और मिट्टी जैसा था। उन्होंने कुछ ही दिनों में एक पाउंड राख निपटा दी। उनकी मां काफी परेशान हो गई थीं। केसी ने कहा कि वो अपने पति को खा रही थीं। जहां ये सुनने में आपको घृणित लग रहा होगा लेकिन केसी के लिए ये कंफर्ट था, ये उनके लिए अपने पति के करीब होने का अहसास था।
Advertisement
मृत इंसान की राख में तरह-तरह के केमिकल होते हैं लेकिन केसी को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की थी कि एक दिन सारी राख खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वो एक बार शॉन को खो चुकी हैं और दोबारा अपनी गलती की वजह से नहीं खोना चाहती। उन्होंने इसे लेकर अपनी कजिन से भी बात की। केसी काफी शर्मिंदा महसूस कर रही थीं। आखिर में शो ने उन्हें मेडिकल हेल्प लेने के लिए राजी कर लिया था जहां वो 24 घंटे निगरानी में रहीं। उन्हें उनके कलश से भी अलग कर दिया गया था।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 18 February 2026 at 23:10 IST