VIRAL: 'लंच मिनट में 1 मिनट की देरी पर एक घंटा...', कंपनी का अजीबो-गरीब नियम, वायरल नोटिस देख भड़के लोग
सोशल मीडिया पर एक वायरल हो रहे नोटिस में लोगों को हैरान किया है, जिसमें कर्मचारियों को लंच ब्रेक में एक मिनट की देरी पर एक घंटा एक्स्ट्रा काम करने को कहा गया है। इस पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read

Viral News: वर्क लाइफ बैलेंस को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर ही बहस छिड़ी रहती है। इस बीच, तमाम कंपनियों के अजीबो-गरीब नियम भी खूब सुर्खियां बटोरते हैं। ऐसा ही एक नियम इन दिनों चर्चाओं में आया है, जहां एक कंपनी ने लंच मिनट में एक मिनट की देरी पर एक घंटा एक्स्ट्रा काम करने का फरमान सुनाया है। ऑफिस नोटिस का पोस्ट वायरल होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा पोस्ट
वायरल नोटिस में लिखा है, "ऑफिस का नया नियम- अगर आपका लंच ब्रेक 30 मिनट से ज्यादा का होता है, तो आपको शाम 6 बजे के बाद कंपनी के लिए 60 मिनट का बिना पैसे वाला "फोकस टाइम" देना होगा। उदाहरण के लिए, अगर लंच 31 मिनट का होता है, तो आपको शाम 7 बजे ऑफिस से निकलना होगा।" नोटिस में अपने कर्मचारियों को जल्दी खाने की हिदायत दी गई है।
लोगों के आए ऐसे रिएक्शंस
सोशल मीडिया पर इस नोटिस के वायरल होते ही लोग भड़क गए। वे इस नियम को गलत बता रहे हैं। एक यूजर ने इस पर कमेंट करते हुए कहा, "खराब माहौल वाले वर्कप्लेस का बेहतरीन उदाहरण।" तो कुछ लोगों ने सवाल पूछ लिया कि अगर कोई 30 मिनट से पहले लंच कर लें तो क्या वो जल्दी ऑफिस से निकल सकता है?
यूजर ने पूछा, "क्या इसका उल्टा भी हो सकता है? अगर आप 20 मिनट में लंच खत्म कर लेते हैं, तो क्या आप पहले जा सकते हैं या अगर आपको रुकना पड़े, तो उन 10 मिनट के लिए एक्स्ट्रा पैसे मिल सकते हैं? यह दोनों तरफ से काम करना चाहिए, है न?" कई लोगों ने यह भी कहा कि कर्मचारियों के साथ ऐसा व्यवहार कंपनी के काम करने के कल्चर पर सवाल खड़ा करता है।
Advertisement
हालांकि, इस वायरल नोटिस पर किसी भी कंपनी का नाम नहीं लिखा है। ऐसे में इसकी सच्चाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल इस नोटिस को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों के बीच बहस छिड़ी हुई है।