तोड़ दी सदियों पुरानी परंपराएं... प्रयागराज में बग्घी पर सवार होकर अपनी बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची दुल्हन, Video वायरल

Prayagraj Viral Wedding : प्रयागराज में एक अनोखी शादी का वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दुल्हन बग्घी पर सवार होकर नाचते हुए अपनी बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची।

unique wedding in Prayagraj bride herself danced in the wedding procession to groom house
लड़के के घर बारात लेकर पहुंची दुल्हन | Image: Viral Photo

Unique wedding in Prayagraj : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर में एक ऐसी शादी हुई, जिसने सदियों पुरानी परंपराओं को चुनौती दे दी। यहां दूल्हे की बजाय दुल्हन अपनी बारात लेकर बग्घी पर सवार होकर नाचते-गाते अपने दुल्हे के घर पहुंचे। इस बारात में DJ, बाराती और नाच-गान सब आम बारात की तरह ही था। लड़की अपने घर वालों के साथ डीजे की धुन पर झूमते हुए दूल्हे के घर पहुंची।

परंपराओं को चुनौती देने वाली ये शादी प्रयागराज के कीडगंज इलाके में हुई। अब सोशल मीडिया पर इस शादी के वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं, जो बेटी-बेटे की समानता का प्रतीक बन गया है। वायरल वीडियो में डीजे की धुन पर दुल्हन को झूमकर नाचते हुए देखा जा सकता है।

पिता का था सपना

दरअसल, ये शादी राजेश जायसवाल की बेटी तनु की है। राजेश के कोई बेटा नहीं है सिर्फ पांच बेटियां ही हैं। उन्होंने अपनी सभी बेटियों को बेटों की तरह ही पाला-पोसा है। हमेशा से उनका सपना था कि उनकी बेटियां भी वैसी ही धूमधाम से शादी करें, जैसी बेटों की शादियां होती हैं। इस सपने को साकार करने के लिए उन्होंने अपनी सबसे छोटी बेटी तनु की शादी को यादगार बनाने का फैसला किया।

शादी का कार्ड भी हुआ वायरल

प्रयागराज में ये अनोखी शादी 24 नवंबर को हुई। राजेश जायसवाल की बेटी की बारात के साथ-साथ शादी का कार्ड भी वायरल हो रहा है। शादी के निमंत्रण पत्र में साफ-साफ लिखा था- "हमारी बेटी की बारात जाएगी।" लोगों को आकर्षित करने के लिए यह एक लाइन ही काफी थी। शादी के दिन लड़की पक्ष ने बैंड-बाजा, डीजे और रंग-बिरंगे परिधानों से सजी बारात तैयार की। तनु लाल जोड़े में सजी बग्घी पर सवार हुईं और करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करते हुए नाच-गान करती रहीं। बाराती सड़कों पर ठुमके लगाते चले, तो राहगीर और स्थानीय लोग बालकनियों से तालियां बजाते नजर आए। पूरा इलाका उत्साह से गूंज उठा, मानो कोई त्योहार मनाया जा रहा हो।

Advertisement

वायरल वीडियो ने बांध ली दुनिया

इस अनोखी बारात का एक छोटा सा वीडियो सोशल मीडिया पर छा गया है। वीडियो में तनु को बग्घी पर मुस्कुराते हुए देखा जा सकता है, जबकि उनके साथ-साथ बाराती डांस कर रहे हैं। अभी तक 26 हजार से अधिक लोग इस वीडियो को लाइक कर चुके हैं। यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। नेटिजेंस इसे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान का जीता-जागता उदाहरण बता रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट में लिखा, “यह तो कमाल है! बेटियां अब बेटों से आगे निकल रही हैं।”

ये भी पढ़ें: Reduce Belly Fat: मक्खन की तरह पिघल जाएगी पेट की चर्बी, बस सुबह-सुबह पिएं ये ड्रिंक, आसान है रेसिपी

Advertisement
Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड