VIDEO: अरब सागर में अचानक क्यों उबलने लगा समंदर का पानी, महाराष्ट्र तट पर रहस्यमयी घटना ने बढ़ाई चिंता
अरब सागर में महाराष्ट्र के पालघर और गुजरात तट के पास रहस्यमयी घटना सामने आई। मछुआरों ने गहरे समुद्र में पानी का विशाल चक्रव्यूह देखा, जहां मटमैला पानी तेजी से घूम रहा था और उबलते बुलबुले व गुबार उठ रहे थे। वसई के मछुआरे की नाव कुछ देर भंवर में फंसी, लेकिन सुरक्षित बाहर निकल गई।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read
Arabian Sea mystery : समुद्र के रहस्य एक ऐसी दुनिया हैं, जो आज भी इंसान की समझ से काफी हद तक परे हैं। पृथ्वी की सतह का लगभग 71% हिस्सा महासागरों से ढका हुआ है, लेकिन हमने अभी तक इसका सिर्फ 5-10% ही ठीक से एक्सप्लोर किया है। अरब सागर में उबलते पानी और बुलबुलों की रहस्यमयी घटना ने हाल ही में महाराष्ट्र के पालघर जिले में वसई तट के पास और गुजरात तट के पास लोगों में हड़कंप मचा दिया है।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह घटना 11 जनवरी, 2026 की बताई जा रही है। वसई के पाचूबंदर निवासी मछुआरे कृष्णा मोरलीखांड्या की नाव "ओम नमः शिवाय" तट से लगभग 66 नॉटिकल मील दूर गहरे समुद्र में मछली पकड़ रही थी। मछुआरों ने देखा कि समुद्र का पानी मटमैले रंग में एक बड़े घेरे में तेजी से घूम रहा था। ऐसा लग रहा था मानो पानी उबल रहा हो, पानी से बड़े-बड़े बुलबुले उठ रहे थे, गुबार निकल रहा था और पानी में तीव्र हलचल हो रही थी।
भंवर में फंस गई थी नाव
मछुआरों की नाव कुछ देर के लिए इस भंवर में फंस भी गई, लेकिन मछुआरों ने तुरंत इंजन की स्पीड बढ़ाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। किसी तरह की कोई हानि नहीं हुई। मछुआरों द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ और अन्य सरकारी एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं, लेकिन अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
क्या हो सकता है कारण?
आशंका जताई जा रही कि मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड या अन्य प्राकृतिक गैसों का रिसाव पानी में बुलबुले और उबाल जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। गैस या तेल पाइपलाइन से रिसाव भी ऐसा प्रभाव डाल सकता है और कभी-कभी समुद्री धाराएं ऐसी घूमती संरचनाएं बनाती हैं, लेकिन इतनी तीव्र उबाल वाली स्थिति असामान्य है। जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मछुआरों और नाविकों को इस जगह के आसपास न जाने और अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है।