Fact Check : राजौरी में सेना पर गोलीबारी और IED हमले का दावा, PIB फैक्ट चेक में फर्जी निकला वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि राजौरी में आतंकवादियों ने भारतीय सेना के वाहन पर गोलीबारी की और IED विस्फोट से 12 जवान घायल, 2 शहीद हो गए। अब PIB फैक्ट चेक ने इस वीडियो का सच बताया है।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक खबर ने एक बार फिर फर्जीवाड़े की पोल खोल दी है। दावा किया जा रहा था कि जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों ने भारतीय सेना के एक वाहन पर गोलीबारी की, जिसके बाद IED विस्फोट हुआ। इस घटना में कथित तौर पर 12 सैनिक घायल हो गए और 2 की जान चली गई। लेकिन प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के फैक्ट चेक विंग ने इस दावे को पूरी तरह झूठा करार दिया है।
डिजिटल युग में फेक न्यूज का प्रसार रोकना एक चुनौती है। PIB फैक्ट चेक की ओर से जारी बयान में स्पष्ट कहा गया है कि राजौरी में ऐसी कोई घटना घटित ही नहीं हुई। न तो कोई गोलीबारी हुई, न ही IED धमाका और न ही किसी सैनिक को चोट या जान का नुकसान पहुंचा। यह दावा पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।
पुराने वीडियो से फैलान अफवाह
सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही वीडियो क्लिप एक जनवरी 2026 की है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के बम निरोधक दस्ते ने 2 किलोग्राम के IED नष्ट किया था। इसे जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तान द्वारा ड्रोन गिराए जाने के बाद बरामद किया गया था। जिसका वीडियो पहले ही सार्वजनिक हो चुका है और इसका संबंध किसी नई घटना से नहीं है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों का जाल
ऐसी फर्जी खबरें खासकर सीमा क्षेत्रों से जुड़ी होने पर अधिक खतरनाक साबित होती हैं। पाकिस्तान समर्थित हैंडल्स अक्सर ऐसी अफवाहें फैलाते हैं, जिनका मकसद भारतीय सेना की छवि खराब करना और जनता में डर पैदा करना होता है। इस मामले में भी संदिग्ध अकाउंट्स द्वारा पोस्ट की गई यह जानकारी तेजी से वायरल हो रही थी, लेकिन PIB की त्वरित कार्रवाई ने इसे रोक लिया।