अपडेटेड 5 June 2025 at 14:35 IST
इंसानों को सबक दे गया डॉगी, मालिक के बेटे को बचाने के लिए 'मिनी' ने दे दी अपनी जान, भिंड गई सांप से और फिर...
मेरठ में पालतू कुतिया ने सांप से भिड़कर मालिक के बेटे को बचा लिया लेकिन खुद जान गंवा बैठी। घटना ने वफादारी की मिसाल कायम की।
- वायरल न्यूज़
- 2 min read

Pet dog snake bite death: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक दिल दहला देने वाली और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक पालतू कुतिया ने अपने मालिक के बेटे को जहरीले सांप से बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी। यह घटना ना सिर्फ इंसान और जानवर के रिश्ते की गहराई को दिखाती है, बल्कि एक बार फिर यह साबित करती है कि कुत्ते इंसानों के सबसे वफादार साथी होते हैं।
घटना मेरठ के एक किसान अजय कुमार उर्फ कल्लू के घर की है। अजय एक कोल्हू का संचालन करते हैं और उनके 23 साल के इकलौते बेटे वंश ने यह सब अपनी आंखों से देखा।
कैसे हुआ सांप का हमला?
रात करीब एक बजे जब वंश अपने कमरे में सो रहा था, तभी उसने देखा कि एक सांप उसकी चारपाई पर चढ़ने की कोशिश कर रहा है। वंश घबरा गया और खुद को बचाने लगा। उसी समय घर की पालतू अमेरिकन बुली नस्ल की कुतिया ‘मिनी’ कमरे में आ गई और सांप से भिड़ गई। भौंकते हुए उसने सांप को रोकने की कोशिश की लेकिन सांप ने उसे डस लिया।
वफादारी की कीमत, जान गंवाकर चुकाई
जहरीले सांप के डसने से मिनी की मौत हो गई। परिवार वालों ने बहादुरी से सांप को डंडे के सहारे पकड़ा और एक डिब्बे में बंद कर पास की नहर में छोड़ दिया। वीडियो भी बनाया गया, जिसमें सांप की पहचान रसेल वाइपर के रूप में की गई। यह भारत के सबसे खतरनाक और विषैले सांपों में से एक है। रेंजर्स को इस बारे में अब तक सूचना नहीं दी गई है।
Advertisement
जानवरों का निस्वार्थ प्रेम
यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि एक जीव की निस्वार्थ भक्ति और प्रेम की मिसाल है। 'मिनी' की कुर्बानी यह साबित करती है कि जानवर भी परिवार का हिस्सा होते हैं और कई बार, वे इंसानों से ज्यादा बहादुर निकलते हैं।
(यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी पर आधारित है। सांप की प्रजाति और घटना की पुष्टि स्थानीय वन विभाग द्वारा नहीं की गई है।)
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 5 June 2025 at 14:35 IST