VIRAL VIDEO: भारतीय कपल ने थाइलैंड शिफ्ट होने का क्यों लिया फैसला? कहा- वहां 10 मिनट में डिलीवरी की सुविधा नहीं है लेकिन यहां ट्रैफिक में...
Indian Couple Video: सोशल मीडिया पर एक कपल बहुत तेजी से वायरल हो रहा है, जो अपना देश छोड़कर थाईलैंड में बस गए हैं। ऐसे में लोग उनकी लाइफ को वीडियो के जरिये देख रहे हैं।
- वायरल न्यूज़
- 4 min read

Indian Couple Viral Video: क्या हो अगर जिंदगी का सबसे बड़ा 'अपग्रेड' कोई बहुत बड़ा घर, मोटी सैलरी या भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल न होकर, बस अपने दिन को सुकून से जीने के लिए थोड़ा ज्यादा 'वक्त' मिलना हो?
एक भारतीय कपल के थाईलैंड शिफ्ट होने के बाद सोशल मीडिया पर आजकल यही सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है। श्रेया और अमित नाम के इस कपल ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्होंने अपनी पुरानी जिंदगी छोड़कर थाईलैंड में बसने का फैसला क्यों किया। उनकी ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, क्योंकि उन्होंने जो वजहें बताई हैं, वो आज के समय में हर शहरवासी की दिल की बात लगती हैं।
"भारत हमेशा घर रहेगा, लेकिन..."
श्रेया और अमित ने साफ किया कि उनका यह कदम भारत से दूर जाने के बारे में नहीं था, बल्कि एक ऐसी लाइफस्टाइल तलाशने के बारे में था जो ज्यादा सुकून भरी और बैलेंस्ड हो।
अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने लिखा, "भारत हमेशा हमारा घर रहेगा। लेकिन थाईलैंड में समय बिताने के बाद हमें एहसास हुआ कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी की क्वालिटी यहां कहीं बेहतर है।" कपल का कहना है कि थाईलैंड में उनका घर का किराया भारत के बड़े टियर-1 शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई या बेंगलुरु के लगभग बराबर ही है। लेकिन असल फर्क रोज की जिंदगी के तजुर्बे में है।
Advertisement
10 मिनट डिलीवरी नहीं, पर सुकून है
कपल ने माना कि भारत में मिलने वाली कुछ क्विक सर्विस वहां नहीं हैं। लेकिन इसके बावजूद वहां की लाइफस्टाइल उसकी भरपाई कर देती है।
उन्होंने लिखा, "हमारे पास 10 मिनट वाली डिलीवरी सर्विस नहीं है। लेकिन जब हर कुछ सौ मीटर पर एक 7-Eleven यानी कन्वीनियंस स्टोर हो, तो आपको शायद ही कभी उन 10-मिनट डिलीवरी ऐप्स की ज़रूरत पड़ती है।"
Advertisement
महिला सुरक्षा और लोगों का अपनापन
श्रेया के लिए थाईलैंड शिफ्ट होने के बाद सबसे बड़ा बदलाव वहां के लोगों का व्यवहार और सुरक्षा का अहसास था।
वह कहती हैं, “यहां लोग बहुत दयालु हैं। अजनबी भी देखकर मुस्कुराते हैं, आपके लिए दरवाज़ा खोलकर खड़े रहते हैं और आपके 'पर्सनल स्पेस' की इज्जत करते हैं। सबसे बड़ी बात, एक महिला होने के नाते देर रात सड़क पर अकेले घर जाना कोई रिस्क का काम नहीं लगता। मुझे हर वक्त डरकर या चौकन्ना रहने की ज़रूरत नहीं पड़ती।”
ट्रैफिक से आजादी और अपनों के लिए 'वक्त'
शहरों की भागदौड़ में हम जिस चीज़ के लिए सबसे ज्यादा तरसते हैं, वो है समय। कपल ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ा अपग्रेड यही 'समय' है।
उन्होंने लिखा, "शायद सबसे बड़ी बात है- वक्त। यहां ऐसा नहीं लगता कि हमारी आधी ज़िंदगी ट्रैफिक में ही खिसक रही है। सफर में कम समय लगता है। इसका सीधा सा मतलब है कि अब हमारे पास पैदल चलने, कैफे में बैठकर काम करने और एक-दूसरे के साथ बिताने के लिए ज़्यादा वक्त है।"
सोशल मीडिया पर लोगों का रिएक्शन
श्रेया और अमित ने अपने विचारों के साथ थाईलैंड की जिंदगी की कुछ खूबसूरत झलकियां भी वीडियो में शेयर की हैं। इस पोस्ट पर यूज़र्स जमकर प्यार लुटा रहे हैं और अपने अनुभव भी बांट रहे हैं।
एक यूजर ने कमेंट किया, "थाईलैंड से प्यार करने की हर वजह वहां मौजूद है।"
वहीं एक अन्य व्यक्ति ने लिखा, "मैं 12 साल से बैंकॉक में रह रहा हूं और मैं आपकी हर एक बात से सहमत हूं।"
एक और भारतीय यूजर ने अपने ट्रिप का अनुभव शेयर करते हुए कहा, "हम एक साल के अंदर ही अपने 14-दिन के रोड ट्रिप के लिए वापस थाईलैंड आ गए हैं। यहां सब कुछ बहुत पॉजिटिव लगता है, बस एक भारतीय होने के नाते कभी-कभी अपने देसी खाने की याद ज़रूर आती है।"
आपका इस बारे में क्या सोचना है? क्या अच्छी लाइफस्टाइल के लिए देश से बाहर जाना एक सही फैसला है या नहीं?