16 पासपोर्ट, 6 साल, 6 महीने, 22 दिन में किया पूरी दुनिया का सफर...सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस शख्स की अनोखी कहानी

कहते हैं अगर दिल में कुछ कर गुजरने की चाह हो, तो रास्ते अपने आप बन जाते हैं। ऐसी ही एक हैरतअंगेज और प्रेरणादायी कहानी इन दिनों सोशल मीडिया पर बेनी प्रसाद की खूब वायरल हो रही है। आइए जानते हैं।

his-man-has-16-passports-traveled-the-world-in-6-years-6-months-and-22-days-the-reason-for-his-travels-is-going-viral
his-man-has-16-passports-traveled-the-world-in-6-years-6-months-and-22-days-the-reason-for-his-travels-is-going-viral | Image: Instagram

आमतौर पर लोग अपना पासपोर्ट सालों-साल संभालकर रखते हैं। बहुत लोगों के पासपोर्ट में तो जिंदगीभर में सिर्फ गिने-चुने वीजा और कुछ मुहरें ही लग पाती है। लेकिन क्या आप किसी ऐसे शख्स की कल्पना कर सकते हैं, जिसकी घूमने की दीवानगी ने पासपोर्ट के पन्नों की गिनती ही खत्म कर दी हो? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने नेटिजन्स के होश उड़ा दिए हैं।

इस वीडियो में एक शख्स अपनी पुरानी पासपोर्ट बुक्स दिखाता नजर आ रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि उसकी एक या दो नहीं, बल्कि  पूरी 16 पासपोर्ट बुक्स वीजा और इमिग्रेशन स्टैम्प से खचाखच भरी हुई हैं। इस ट्रैवलर ने महज 6 साल, 6 महीने और 22 दिन में पूरी दुनिया की यात्रा कर ली। अब जिसने भी इसकी कहानी सुनी। वह दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर हो गया है।

कौन है यह अनोखा ट्रैवलर?

इस शख्स का नाम बेनी प्रसाद है। बेनी पेशे से एक म्यूजिशियन और जाने-माने ट्रैवलर हैं। संगीत और घुमक्कड़ी के इसी कॉम्बिनेशन ने उन्हें दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचा दिया। उनका सफर इतना लंबा और लगातार चलने वाला था कि उनके पासपोर्ट के पन्ने मानों हवा की रफ्तार से भरते चले गए। जैसे ही एक पासपोर्ट बुक में जगह खत्म होती, उन्हें तुरंत दूसरी बुक के लिए अप्लाई करना पड़ता था। इसी तरह सफर दर सफर उनकी 16 पासपोर्ट बुक्स फुल हो गईं।

क्यों पड़ी इतने पासपोर्ट्स की जरूरत?

बेनी प्रसाद ने अपनी इस अनोखी उपलब्धि के पीछे की वजह भी साझा की। उन्होंने बताया कि दुनिया के अलग-अलग देशों में दाखिल होने के लिए वीजा की जरूरत होती है. हर नए देश का वीजा उनके पासपोर्ट में जुड़ता गया। हर देश की सीमा पर एंट्री और एग्जिट की मुहरें लगती थीं, जिससे पन्ने तेजी से खत्म हुए। बिना रुके लगातार यात्राएं करने के कारण पासपोर्ट की वैलिडिटी खत्म होने से पहले ही उसके पन्ने खत्म हो जाते थे।

Advertisement

सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल 

जैसे ही लोगों ने इस ट्रैवलर की वीडियो देखी। वह कमेंट पर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि दुनिया घूमना बहुत लोगों को सपना होता है, लेकिन इतने कम समय में इसे  हकीकत में बदलना किसी चमत्कार से कम नहीं है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो को अब तक 5 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं और कमेंट्स की बाढ़ आई हुई है।  आमतौर पर लोग सोशल मीडिया पर खूबसूरत वादियों या आलीशान होटलों के वीडियो देखना पसंद करते हैं, लेकिन इस बार मामला अलग है। इस बार ध्यान किसी जगह ने नहीं, बल्कि इस शख्स के पासपोर्ट के ढेर ने खींचा है। 
कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में पहली बार किसी के पास इतने सारे पासपोर्ट देखे हैं। बेनी प्रसाद की यह कहानी साबित करती है कि अगर दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो दुनिया का कोई भी कोना दूर नहीं रह जाता है। 

ये भी पढ़ें - Gaj LaxmiNarayan Rajyog 2026: आज 12 साल बाद बन रहा है गज लक्ष्मी-नारायण राजयोग, इन 6 राशियों को मिलेगा भाग्य का साथ; आर्थिक स्थिति होगी मजबूत 

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड