'बेवफा...', डॉक्टर ने बच्चे को दिया गच्चा, गाना गाकर लुभाया, फिर चालाकी से ठोक दिया इंजेक्शन- VIDEO VIRAL
हाल ही में वायरल हो रहे वीडियो में एक डॉक्टर ने ऐसा मैजिक किया कि इंजेक्शन भी लग गया और बच्चा रोया तक नहीं। वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

Viral Video: इंजेक्शन का नाम सुनकर बड़ों-बड़ों के पसीने छूट जाते हैं। वहीं बच्चे तो डर के मारे रोने-बिलखने लगते हैं। यही वजह है कि छोटे बच्चों को डॉक्टर के पास इंजेक्शन लगवाने ले जाने के लिए उन्हें काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। इस चैलेंजिग टास्क को पूरा करने के लिए मां-बाप की हवाइयां उड़ जाती है।
कभी-कभार तो बच्चे को इंजेक्शन लगाने के लिए अस्पताल में एक से ज्यादा स्टाफ तक की जरूरत पड़ जाती है। लेकिन हाल ही में वायरल हो रहे वीडियो में कुछ और ही नजारा देखने को मिल रहा है। इस डॉक्टर ने पेरेंट्स के लिए बच्चों को टीका लगवाना काफी आसान बना दिया है। यहां टीका लगवाने के बाद भी बच्चे रोते नहीं बल्कि मुस्कुराते, खिलखिलाते और चहकते हुए जाते हैं।
मैजिक करने वाले डॉक्टर कौन?
वायरल हो रहा वीडियो डॉक्टर इमरान पटेल ऑफिशियल नाम के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया गया है जो कि एक वेरिफाइड अकाउंट है। इस अकाउंट पर इसी तरह के कई और वीडियोज मौजूद हैं। ऐसे में अकाउंट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह मैजिक करने वाले डॉक्टर का नाम इमरान पटेल है।
इधर बच्चे का भटकाया ध्यान उधर...
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक महिला अपने बच्चे के टीकाकरण के लिए डॉक्टर के पास आई है। बच्चा डॉक्टर के पास बैठा हुआ है। वहीं उसका ध्यान भटकाने के लिए डॉक्टर गाना गाता है। जबकि दूसरी ओर बच्चा इंजेक्शन लगने से अनजान अपनी मौज में है। इंजेक्शन लगाने से तुरंत पहले डॉक्टर बच्चे को कई टॉफी देता है। नन्हा सा बच्चा इधर टॉफियों के साथ खेलने में मग्न हो जाता है, उधर डॉक्टर धीरे से अपना काम करके निकल लेता है।
Advertisement
नन्हे बच्चे के एक्सप्रेशन पर टिकी निगाहें
इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद बच्चे का एक्सप्रेशन देख लगता है कि उसे दर्द का एहसास हुआ, लेकिन कुछ समझ नहीं आया। बच्चा फिर अपनी खेल में बिजी हो जाता है। ये पूरा मजेदार नजारा देख बच्चे की मां भी खुश हो जाती है।
कमेंट सेक्शन में यूं मजे ले रहे लोग
कुल मिलाकर इस वीडियो को खूब पसंद किया जा रहा है। कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगी हुई है। एक यूजर ने कमेंट कर लिखा, 'टीका लगने के तुरंत बाद बेबी का एक्सप्रेशन।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'दुनिया के बेस्ट डॉक्टर।' एक और यूजर ने मजे लेते हुए लिखा, 'बच्चा बी- अचानक से हमला हुआ था।' एक और यूजर ने लिखा, 'हमला अचानक से हुआ और पता भी नहीं चला।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'जिस तरह से आप बच्चों को हैंडल करते हैं, मुझे वो तरीका पसंद है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'बेवफा डॉक्टर।' कमेंट सेक्शन में इसी तरह के रिएक्शंस की भरमार है। खासकर पेरेंट्स इस डॉक्टर के मुरीद हो गए हैं।