जिम में वर्कआउट के दौरान कांस्टेबल की बिगड़ी तबीयत, बेसुध होकर जमीन पर गिरे; हुई मौत- CCTV में कैद हुआ मंजर

सोशल मीडिया एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें वर्कआउट के दौरान एक कांस्टेबल की तबीयत बिगड़ी और फिर वो जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़े। अगले ही पल उन्होंने कथिततौर पर दम तोड़ दिया।

Constable Died in Gym: उत्तराखंड पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) में तैनात एक कांस्टेबल की वर्कआउट के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। वे रोजाना की तरह शुक्रवार को भी एक्सरसाइज कर रहे थे, तभी वो बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े, बाद में उनकी मौत हो गई। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फिटनेस को लेकर सजग रहने वाले जवान की अचानक हुई मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है।

ये घटना चंपावत के बनबसा की बताई जा रही है। मृतक कांस्टेबल की पहचान 38 साल के गिरीश भट्ट के रूप में हुई है। वह 2006 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए थे। गिरीश के दोस्तों की मानें तो वे पिछले 3 सालों से रेगुलर जिम आ रहे थे। शुक्रवार शाम भी वो एक्सरसाइज करने जिम पहुंचे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े।

वर्कआउट के दौरान बेहोश होकर गिरे

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि वर्कआउट के दौरान गिरीश भट्ट की तबीयत अचानक बिगड़ी और वे रुक गए। संभलने का मौका मिलने से पहले ही वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना को देखते ही जिम में मौजूद अन्य लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल पहुंचने में हुई देरी, मौत

हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का प्राथमिक तौर पर मानना है कि उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है। लेकिन मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी।

Advertisement

पीछे छोड़ गए पत्नी और दो बच्चे

गिरीश भट्ट के अचानक दुनिया को अलविदा कह जाने से उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। वो अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे छोड़ गए। बच्चे अभी छोटे हैं और पढ़ाई कर रहे हैं। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। 

यह भी पढ़ें: 'मुसलमान हैं तो पाकिस्तानी हो गए?', पुलिस के सामने बुरी तरह भड़का युवक, उंगली दिखाकर बोला- इंडियन आर्मी में सूबेदार थे मेरे दादाजी

Advertisement
Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड