'तुम्हे शर्म नहीं आती...', AIIMS टॉपर ने दहेज में मांगे 50 करोड़, बेंगलुरु की महिला के दावे पर बवाल
महिला का दावा है कि एम्स के एक टॉपर डॉक्टर ने उसकी दोस्त से शादी के लिए 50 करोड़ का दहेज मांगा। वायरल दावे पर बवाल मच गया है।
- वायरल न्यूज़
- 3 min read

AIIMS Doctor Demand 50 crore Dowry: दहेज हमारे समाज में सदियों से चली आ रही एक ऐसी कुप्रथा है, जिसका अंत अबतक नहीं हुआ। न जाने कितनी बेटियां अबतक दहेज के नाम पर बलि चढ़ चुकी हैं। इसके खिलाफ कड़े कानून भी बने हैं, लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी शादियों में दहेज के लेनदेन पर रोक नहीं लग पाई है। अब दहेज से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एम्स के टॉपर ने अपनी शादी में दहेज के तौर पर भारी भरकम डिमांड की। यह डिमांड कुछ लाखों की नहीं बल्कि पूरे 50 करोड़ की थी।
‘दोस्त से शादी के लिए मांगे 50 करोड़’
दावा बेंगलुरु की एक महिला ने किया है। एक्स (ट्विटर) पर डॉक्टर फीनिक्स नाम से एक पोस्ट में बताया गया है कि एम्स का टॉपर डॉक्टर जो हैदराबाद में एमडी एनेस्थीसिया और लिवर ट्रांसप्लांट एनेस्थीसिया में फेलो है… उसने मेरी दोस्त से शादी के लिए 50 करोड़ रुपये की दहेज की मांग की।
महिला ने इसे शर्मनाक बताया। उसने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "कुछ तो शर्म करो। अगर आपमें अपने पैरों पर खड़े होने की हिम्मत नहीं है तो आपकी शिक्षा, पद और योग्यता का क्या फायदा है?"
Advertisement
महिला ने बताया कि दहेज की इस मांग के बाद उसकी दोस्त घंटों तक रोती रही। 50 करोड़ का दहेज उनके माता-पिता की पूरी जिंदगी की बचत को खत्म कर देगा। उसके माता-पिता का मानना है कि तेलुगु समुदाय में बेटी की शादी के लिए दहेज देना ही पड़ता है। इससे उनकी रिटायरमेंट बचत भी खत्म हो जाएगी। महिला के मुताबिक उसकी एक छोटी बहन भी है और उन्हें उसके लिए भी दहेज की ऐसी ही मांग का सामना करना पड़ेगा।
सोशल मीडिया पर भड़क उठे लोग
डॉ फीनिक्स के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर बहस छिड़ गई। कई लोग डॉक्टर की दहेज की मांग की खूब आलोचना करते नजर आए। तो इस दौरान कुछ लोगों ने अपने अनुभव भी शेयर किए। एक यूजर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए कहा, “यह पढ़कर घिन्न आ रही है। वह शख्स कितना घटिया होगा।”
Advertisement
कुछ लोगों का कहना है कि इस मामले में लड़की और उसके माता-पिता को स्टैंड लेने की जरूरत है। वह पढ़ी-लिखी है। अपनी जिंदगी अच्छे से बिता सकती है और खुद की पहचान बना सकती है। एक यूजर ने और लिखा कि यह बहुत ही शर्मनाक है। मुझे समझ नहीं आता कि लोग इतने बेशर्मी से पैसा कैसे मांग सकते हैं।
हालांकि इस दौरान इस मामले में कितनी सच्चाई है, कई लोगों ने उस पर भी सवाल खड़े किए। एक यूजर ने कहा, "हालांकि मैं मानता हूं कि दहेज गलत है, हम शाखा में अंतर पर विचार क्यों नहीं कर रहे हैं? MBBS लड़कियां एमडी लड़कों की मांग कर रही हैं। एमडी लड़कियां डीएम लड़कियों की मांग कर रही हैं। जब आप यह देखते हैं तो क्या आपको गुस्सा नहीं आता? रिवर्स दहेज भी बुरा है।"