Delhi में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन दिग्गजों का जमावड़ा, करोल बाग में पुष्कर सिंह धामी का रोड शो
Delhi Assembly Elections: दिल्ली में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सारी राजनीतिक पार्टियों ने जोर लगा दिया है। 5 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। फिलहाल भारतीय जनता पार्टी से लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने अपने धुरंधरों को आखिर दिन के काम पर लगाया है। आम आदमी पार्टी के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी जैसी स्थिति में बीजेपी को इस बार दिल्ली में सरकार बनाने की उम्मीद है, जबकि कांग्रेस पार्टी अपना खाता खोलने का भरकस प्रयास कर रही है। आम आदमी पार्टी कई चुनौतियों से जूझते हुए सत्ता बरकरार रखने की कोशिश में लगी है। दिल्ली के चुनाव प्रचार में अभी अरविंद केजरीवाल डोर-टू डोर कैंपेन कर रहे हैं। आखिरी दिन बीजेपी ने एक साथ दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के कार्यक्रम दिल्ली में रखे हैं। कांग्रेस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के आखिरी दिन जोर लगाने वाले हैं।