Google Pixel 10A Review: अपर मिड रेंज में राजा है गूगल का यह फोन, डिजाइन से लेकर कैमरा और बैटरी तक सब बढ़िया
Google Pixel 10A Review: यूं तो अब Google Pixel 11 सीरीज लॉन्च हो चुकी है जो कीमत में महंगी है। लेकिन Google Pixel 10A कंपनी का अपर मिड रेंज स्मार्टफोन है जो इसी साल मार्च में लॉन्च हुआ था। आईए जानते हैं कैसा है ये फोन?
- टेक्नोलॉजी न्यूज
- 5 min read

Google Pixel 10A Review: यूं तो अब Google Pixel 11 सीरीज लॉन्च हो चुकी है जो कीमत में महंगी है। लेकिन Google Pixel 10A कंपनी का अपर मिड रेंज स्मार्टफोन है जो इसी साल मार्च में लॉन्च हुआ था। यह फोन कीमत में Google Pixel 11 सीरीज से काफी सस्ता है। कंपनी ने मुझे भी यह फोन रिव्यू के लिए भेजा जिसे मैंने करीब 25 दिन इस्तेमाल कर जाना कि आखिर ये फोन कैसा है।
डिजाइन कैसा है
Google Pixel 10A के डिजाइन में कंपनी ने कोई खास बदलाव नहीं किया है। फोन का डिजाइन कंपनी के पिछले Google Pixel 9a के ही समान बनाया गया है। हालांकि इस बार फोन Obsidian, Fog, Lavender और Berry जैसे 4 कलर्स में उपलब्ध है। कंपनी ने मुझे इस फोन का Fog कलर भेजा है जो कि लाइट ग्रीन कलर के परिवार का ही एक रंग है। मैंने इस कलर में पहले कोई फोन रिव्यू नहीं किया था, इस कारण मुझे Google Pixel 10A फॉग कलर में पसंद आया।
फोन की राइट साइड पर पावर बटन के साथ वॉल्यूम रॉकर्स और लेफ्ट साइड पर सिम ट्रे मिलती है। बॉटम साइड पर डुअल स्पीकर्स के बीच टाइप सी जैक को जगह दी गई है। फोन की बैक साइड पर कैमरा बंप को इस बार बिल्कुल ही खत्म कर दिया गया है। फोन के बीचों बीच गूगल का G लोगो बनाया गया है जो कि काफी लाइट है।
गूगल के इस फोन की स्क्रीन Corning Gorilla Glass 7i से लेस है। इसके साथ ही फोन को IP68 की रेटिंग भी मिली है जो फोन को पानी और धूल-मिट्टी से सुरक्षित रखने का काम करती है। इस फोन की मोटाई 9 एमएम और वजन 183 ग्राम है। स्मार्टफोन की बैक साइड पर मैट फिनिश मिलती है जिससे इस फोन को पकड़े रहते हुए एक अच्छी फील बनी मिलती रहती है।
Advertisement
मुझे Google Pixel 10A का डिजाइन काफी अच्छा लगा। यह दिखने में अपनी कीमत से भी ज्यादा का स्मार्टफोन लगता है।
डिस्प्ले कितना शानदार
इस स्मार्टफोन में 6.3 इंच की स्क्रीन पर Actua (pOLED) डिस्प्ले मिलता है। फोन में 120Hz का रिफ्रेश रेट दिया गया है। इस फोन में HDR पर 2000 निट्स की पीक ब्राइटनेस तो वहीं फोन में 3000 निट्स की अधिकतम पीक ब्राइटनेस मिलेगी। इस कारण मुझे Google Pixel 10A फोन से तप्ती गर्मी की तेज धूप में भी देखने में कोई परेशानी नहीं हुई। मैंने इस फोन में Narendra Modi और Republic Bharat यूट्यूब चैनल देखा। इसके साथ ही मैंने इस फोन में कुछ और वीडियो भी देखें। इस फोन में डुअल स्पीकर भी मौजूद है। इस कारण वीडियो देखते वक्त pOLED डिस्प्ले के साथ दमदार साउन्ड क्वालिटी भी मिलती है।
Advertisement
परफ़ॉर्मेंस कैसी है
गूगल के इस स्मार्टफोन में Google Tensor G4 प्रोसेसर लगाया गया है। यह प्रोसेसर पिछले वर्ष Google Pixel 10 सीरीज में पहली बार दिया गया था। इसके साथ ही फोन में Titan M2 सिक्योरिटी चिप भी लगाई है। यह फोन 8 जीबी रैम और 256 जीबी स्टोरेज के साथ आता है। इस फोन को IP68 की रेटिंग दी गई है जो गूगल फोन को धूल मिट्टी के साथ पानी में भीगने पर भी सुरक्षित रहने को लेकर प्रमाणित करती है।
इस फोन में 120 Hz का रिफ्रेश रेट है, लेकिन फोन इतना स्मूद है कि लगता है कि फोन में 144 hz का रिफ्रेश रेट है। मैंने Google Pixel 10A फोन में ‘शैडो फाइट 4 एरीना’ जैसी गेम खेली। फोन का प्रोसेसर बहुत बढ़िया काम करता है। मुझे इस फोन में एक बार भी हैंग या हीटिंग की समस्या नहीं मिली।
यह फोन लेटेस्ट एंड्रॉयड 16 के साथ आता है। हमेशा की तरह गूगल के इस फोन में भी कोई फालतू ऐप नहीं मिलती जिस कारण फोन में क्लीन ओएस मिलता है। अच्छी बात यह भी है कि गूगल इस फोन पर 7 वर्ष तक सॉफ्टवेयर अपडेट देती रहेगी।
गूगल फोन होने के कारण इसमें Gemini के फीचर्स बहुत सारी ऐप्स में मिलते हैं। इससे फोन में AI को आप जमकर इस्तेमाल कर सकते हैं।
कैमरा कितना अच्छा
Google Pixel 10A में डुअल कैमरा सेटअप लगाया गया है, जिसमें 48 MP का मेन बैक कैमरा और 13 MP का दूसरा अल्ट्रा-वाइड कैमरा मौजूद है। इस फोन में 13 MP का फ्रंट कैमरा मिलेगा। मैं इस फोन से कई शानदार फोटो खींच सका हूं जिनमें से कुछ फोटो को मैं यहां आपके साथ शेयर कर रहा हूँ। यह भी बता दूँ कि इन फोटो को बिना किसी फ़िल्टर के यहां पोस्ट किया जा रहा है।
बैटरी कैसी है
गूगल के इस फोन में 5100 mAh की बैटरी लगाई गई है जिसके लिए 30W की फास्ट चार्जिंग का फीचर भी मौजूद है। हालांकि गूगल फोन के साथ चार्जर ना देकर सिर्फ डेटा केबल ही देगी। कंपनी के अनुसार फोन एक बार फुल चार्ज होने पर 30 घंटे तक बैकअप देगा। रिव्यू के दौरान मैंने फोन को ऐप्पल के चार्जर से चार्ज किया और ज़ीरो से फुल चार्ज होने में फोन को करीब 2 घंटे लग जाते हैं।
Google Pixel 10A का बैटरी बैकअप अच्छा है। दिन भर ठीक ठाक इस्तेमाल करने पर फोन की बैटरी साथ निभा जाती है। हालांकि ज्यादा कैमरा, वीडियो देखने या गेम खेलने पर फोन की बैटरी रात तक डाउन होने लगती है।
मेरी राय
Google Pixel 10A एक अपर मिड रेंज फोन है जिसकी कीमत 55,999 रुपये है। इस रेंज में यूं तो और भी फोन आते हैं। लेकिन जितना अच्छा अनुभव आपको इस फोन से मिलेगा वैसा किसी भी और फोन में नहीं मिलेगा। ऐसे में अगर आपको 55,000 रुपये तक का फोन लेना है तो आप आँख बंद कर के इस फोन को खरीद सकते हैं।