Top 5 Smartphone Brands: आ गई स्मार्टफोन की सेल्स रिपोर्ट, ऐप्पल या सैमसंग कौन सी कंपनी बनी नंबर 1, किसे लगा बड़ा झटका, जानिए
Smartphone Sales Report: मोबाइल फोन के बाजार की बात करें तो वर्ष 2026 की पहली तिमाही के नतीजे आ गए हैं। हम आपको इस रिपोर्ट के जरिए बताएंगे कि पूरी दुनिया में कौन सी मोबाइल कंपनी नंबर वन बनी। साथ ही इस रिपोर्ट से हमें यह भी पता चलेगा कि कौन सी कंपनी किस पायदान पर है।
- टेक्नोलॉजी न्यूज
- 3 min read

Smartphone Sales Report: पूरी दुनिया भर में हर रोज बड़ी संख्या में स्मार्टफोन बिकते हैं। इस कारण हर कंपनी एक दूसरे से आगे निकलने के लिए नए नए स्मार्टफोन भी लॉन्च करती रहती है। मोबाइल फोन के बाजार की बात करें तो वर्ष 2026 की पहली तिमाही के नतीजे आ गए हैं। काउंटरप्वाइंट रिसर्च की रिपोर्ट बताती है कि जनवरी से लेकर मार्च तक दुनिया भर में 1.26 बिलियन स्मार्टफोन शिप किए थे। गौरतलब है कि पिछले साल के मुकाबले 6 प्रतिशत (लगभग 7.5 करोड़) यूनिट की शिपमेंट में कमी देखी गई है। इस कमी का मुख्य कारण मिडल ईस्ट में चल रहे युद्ध और उससे प्रभावित देश बताया जा रहा है।
हम आपको इस रिपोर्ट के जरिए बताएंगे कि पूरी दुनिया में कौन सी मोबाइल कंपनी नंबर वन बनी। साथ ही इस रिपोर्ट से हमें यह भी पता चलेगा कि कौन सी कंपनी किस पायदान पर है।
ये हैं टॉप 5 मोबाइल कंपनी
1. Apple- अमेरिकी कंपनी Apple वर्ष 2026 की पहली तिमाही में भी नंबर वन कंपनी बनी हुई है। वर्ष 2025 की आखिरी तिमाही में सैमसंग को पछाड़ते हुए ऐप्पल ने नंबर वन कंपनी का स्थान हासिल किया था। हालांकि उस तिमाही में iPhone 17 सीरीज लॉन्च हुई थी। लेकिन इस तिमाही में भी नंबर वन बने रहना बताता है कि ग्राहकों का अभी भी iPhone 17 सीरीज में क्रेज बना हुआ है। गौरतलब है कि यह पहली बार है कि किसी साल की पहली तिमाही में ऐप्पल ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। बता दें कि 5 प्रतिशत बढ़त के साथ ऐप्पल का अब दुनिया भर के बाजार में 21 प्रतिशत मार्केट शेयर हो गया है।
2 Samsung- दूसरे स्थान पर दक्षिण कोरियाई कंपनी सैमसंग आ चुकी है, जिसका अब मार्केट शेयर 6 प्रतिशत घट कर 20 प्रतिशत हो गया है। इस गिरावट के पीछे मुख्य कारण Samsung Galaxy S26 सीरीज की लॉन्च में हुई देरी है। कंपनी अक्सर जनवरी में अपनी नई फ्लैगशिप सीरीज लॉन्च करती है। लेकिन इस बार सैमसंग ने फरवरी के अंत में Galaxy S26 सीरीज लॉन्च की, जिसके बाद फिर मार्च में जाकर इसकी सेल शुरू हुई। हालांकि सैमसंग को Galaxy S26 सीरीज का रिस्पॉन्स काफी अच्छा मिल रहा है। विशेष रूप से Galaxy S26 Ultra के फीचर्स यूजर्स को पसंद आ रहे हैं। लेकिन अब अगली तिमाही में ही इस नई सीरीज के परिणाम देखने को मिलेंगे।
Advertisement
3 Xiaomi- चीनी कंपनी Xiaomi को तीसरा स्थान हासिल हुआ है। हालांकि कंपनी की शिपमेंट में 19 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। Xiaomi, Redmi और Poco तीनों ने मिलकर 14 प्रतिशत का मार्केट शेयर हासिल किया है।
4 Oppo- चीनी कंपनी Oppo, OnePlus और Realme तीनों ने मिलकर चौथा स्थान हासिल किया है। 4 प्रतिशत की गिरावट के साथ Oppo ने अब 11 प्रतिशत बाजार पर अपनी हिस्सेदारी बनाई है।
Advertisement
5 Vivo- पांचवें स्थान पर चीनी कंपनी Vivo रही जिसको बड़ा झटका लगा है। कंपनी को भले ही सिर्फ 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। लेकिन अब वीवो का दुनिया भर के स्मार्टफोन बाजार में अब 10 प्रतिशत हिस्सा भी नहीं रह गया है। इस रिपोर्ट में Vivo का सिर्फ 8 प्रतिशत मार्केट शेयर रह गया है।
Google ने लगाया छक्का
अमेरिकी कंपनी गूगल अब स्मार्टफोन के बाजार में छाने लगी है। ऐप्पल को सिर्फ 5 प्रतिशत की बढ़त हासिल की है लेकिन Google ने 14 प्रतिशत की बढ़त हासिल कर के सबको हैरान कर दिया है। इसी तरह नथिंग भी 25 प्रतिशत की बढ़त हासिल करते हुए अपना बाजार बनाने लगी है।