पाकिस्तान की घोर बेइज्जती, होटल बिल का भुगतान नहीं किया, तो सड़कों पर भटकने को मजबूर हुए टीम के खिलाड़ी
पाकिस्तान टीम FIH Pro League के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची, लेकिन PHF के होटल बिल न चुकाने से बुकिंग कैंसल हो गई। थके खिलाड़ी घंटों सड़क पर सामान समेत खड़े रहे।
- खेल समाचार
- 2 min read

पाकिस्तान की आर्थिक बदहाली किसी से छिपी नहीं है। पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक शर्मनाक स्थिति का सामना करना पड़ा। टीम होबार्ट में FIH Pro League के दूसरे चरण के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंची थी, जहां जर्मनी और मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेले जाने थे। लेकिन कैनबरा पहुंचते ही टीम के खिलाड़ियों और अधिकारियों को बड़ा संकट झेलना पड़ा।
पाकिस्तान हॉकी टीम अपने सामान के साथ घंटों सड़कों पर भटकती रही। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) उस होटल का बिल नहीं चुका पाया, जिसमें टीम को ठहरना था, जिसके चलते बुकिंग कैंसल कर दी गई। ऐसा बोर्ड के पास फंड की कमी के कारण हुआ। टीम लाहौर से लंबी यात्रा के बाद थकी-हारी पहुंची, लेकिन उन्हें ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं मिली।
एक कमरे में 2-3 खिलाड़ी
टीम कोच ताहिर जमान को समय के अंतर के कारण पाकिस्तान अधिकारियों से संपर्क करने में मुश्किल हुई। घंटों तक सामान के साथ सड़कों पर भटकने के बाद, होटल प्रबंधन को किसी तरह मनाया गया और टीम को ठहरने की जगह मिली। होटल मैनेजमेंट ने पाकिस्तान टीम को कुछ कमरे दिए, लेकिन 2-3 खिलाड़ियों को एक ही कमरे में ठूंसा गया। अगले दिन ही उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलना था, जिसमें वे 3-2 से हार गए।
पाकिस्तान के लिए शर्मिंदगी की बात
ये घटना पाकिस्तान के खेल प्रशासन की बदहाली को बेनकाब करती है। एक समय था जब पाकिस्तान हॉकी में विश्व चैंपियन रहा, आज फेडरेशन के पास खिलाड़ियों के लिए होटल बुक करने तक का बजट नहीं है। खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।