अपडेटेड 16 September 2024 at 23:26 IST

ग्लास्गो को 2026 राष्ट्रमंडल खेलों का मेजबान घोषित करने की तैयारी: रिपोर्ट

ग्लास्गो को 2026 में ‘छोटे पैमाने’ पर होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का मेजबान शहर घोषित करने की तैयारी है।

Follow : Google News Icon  
 Glasgow set to host 2026 Commonwealth Games: Report
Glasgow set to host 2026 Commonwealth Games: Report | Image: File Photo

ऑस्ट्रेलियाई राज्य विक्टोरिया के बढ़ती लागत के कारण पीछे हटने के एक साल बाद स्कॉटलैंड की राजधानी ग्लास्गो को 2026 में ‘छोटे पैमाने’ पर होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों का मेजबान शहर घोषित करने की तैयारी है। रिपोर्टों में यह दावा किया गया है।

राष्ट्रमंडल खेल 2026 विक्टोरिया के कई शहरों में आयोजित किए जाने थे लेकिन ऑस्ट्रेलियाई राज्य ने जुलाई 2023 में चौंकाने वाली घोषणा करते हुए अनुमानित व्यय में भारी वृद्धि का हवाला देते हुए इस बहु-खेल आयोजन से हाथ खींच लिया।

मेजबानी से पीछे हटने के कारण विक्टोरिया सरकार ने राष्ट्रमंडल खेल महासंघ (सीजीएफ) को 38 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 25 करोड़ 60 लाख अमेरिकी डॉलर) का मुआवजा दिया। मेजबान का पीछे हटना हालांकि एक ऐसे खेल आयोजन को बड़ा झटका लगा जिसने हाल के वर्षों में प्रासंगिकता खो दी है।

लेकिन यह पता चला है कि ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने इस बहु-खेल आयोजन को बचाने के लिए ग्लास्गो के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने में मदद करने के लिए ‘लाखों पाउंड के निवेश’ का वादा किया है। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, ‘‘2014 में खेलों की मेजबानी करने वाला ग्लास्गो कम खेलों वाले एक छोटे आयोजन की पुष्टि करने के करीब है।’’

Advertisement

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘स्कॉटलैंड की सरकार 2026 में ग्लास्गो की मेजबानी में राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन के समझौते पर सहमत होने के करीब है।’’ ग्लास्गो ने 2014 में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 57 करोड़ 56 लाख पाउंड (करीब 76 करोड़ अमेरिकी डॉलर) के बेहद कम बजट में किया था। शहर में पहले से ही 70 प्रतिशत आयोजन स्थल मौजूद हैं और ऐसे में शहर ने 2026 की प्रतियोगिता की अप्रैल में मेजबानी करने की पेशकश की है।

इस बार भी ग्लास्गो खेलों के आयोजक अपने प्रस्ताव के अनुसार 13 से 15 करोड़ पाउंड (लगभग 17 करोड़ अमेरिकी डॉलर) की अनुमानित लागत के साथ मौजूदा आयोजन स्थलों और आवास विकल्पों का उपयोग करेंगे। स्कॉटलैंड और ब्रिटेन की सरकारों ने इन खेलों को बचाने के लिए किसी भी सार्वजनिक धन का उपयोग करने से इनकार कर दिया था जिसे मुख्य रूप से सीजीएफ द्वारा 10 करोड़ पाउंड (लगभग 13 करोड़ अमेरीकी डॉलर) द्वारा वित्तपोषित किया जा रहा था।

Advertisement

हालांकि ब्रिटेन सरकार के स्वास्थ्य सचिव नील ग्रे ने चेतावनी दी कि 2026 के राष्ट्रमंडल खेल उस समय से अलग होंगे जब ग्लास्गो ने पिछली बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी की थी। बीबीसी की रिपोर्ट में ग्रे ने कहा, ‘‘प्रतिष्ठा के लिहाज से मेरी और सरकार की चिंता हमेशा से यह रही है कि 2014 के अविश्वसनीय रूप से सफल खेलों के साथ इनकी तुलना की जाएगी, जिनकी प्रदर्शन और विरासत दोनों के मामले में किसी भी तरह से बराबरी करना मुश्किल होगा।’’

अन्य रिपोर्टों में कहा गया है कि यदि ग्लास्गो 2026 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करता है तो इसमें 10 से 13 खेल शामिल होंगे। बर्मिंघम में 2022 में हुए पिछले सत्र में 20 खेल शामिल थे। खेलों के आयोजन के लिए मौजूदा सुविधाओं का उपयोग किया जाएगा और ऑस्ट्रेलियाई योगदान का उपयोग अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और सुरक्षा लागतों के लिए किया जाएगा। विक्टोरिया सरकार के 2026 खेलों की मेजबानी से हटने के बाद ऑस्ट्रेलिया और दुनिया भर के कई अन्य शहरों ने भी ग्लास्गो के प्रस्ताव के सार्वजनिक होने से पहले प्रतियोगिता की मेजबानी करने से मना कर दिया था।

ये भी पढ़ें- हॉकी में भारत ने लहराया तिरंगा! एशियन चैपियंस ट्रॉफी में कोरिया को 4-1 से चटाई धूल, फाइनल में एंट्री | Republic Bharat

Published By : Shubhamvada Pandey

पब्लिश्ड 16 September 2024 at 23:26 IST