अपडेटेड 28 October 2024 at 19:35 IST

सलीमा टेटे को महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम की कमान

बिहार के नवनिर्मित राजगीर हॉकी स्टेडियम में 11 से 20 नवंबर तक होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कमान सौंपी गई है।

Follow : Google News Icon  
salima tete appointed indian captain for womens asian champions trophy
सलीमा टेटे को भारतीय टीम की कमान | Image: Hockeyindia

Hockey News: बिहार के नवनिर्मित राजगीर हॉकी स्टेडियम में 11 से 20 नवंबर तक होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए सलीमा टेटे की अगुवाई में सोमवार को 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा की गई।

नवनीत कौर को टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है। भारत ने पिछले साल रांची में हुए आयोजन में खिताब जीता था, लेकिन उसके बाद से टीम के प्रदर्शन में गिरावट आई है। इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में टीम को मौजूदा ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन, जापान, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड सहित पांच अन्य देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 11 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ करेगा।

टीम चयन और तैयारी को लेकर क्या बोलीं सलीमा?

Advertisement

टीम के चयन और टूर्नामेंट के लिए उनकी तैयारी पर मध्य पंक्ति की खिलाड़ी सलीमा ने कहा- 

एक और बड़े टूर्नामेंट में टीम का नेतृत्व करना एक शानदार एहसास है। हम गत चैंपियन के रूप में टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। ये इसे और भी खास बनाता है। हमने कड़ी ट्रेनिंग की है। हमारे पास अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं के साथ एक मजबूत टीम है। हमारा लक्ष्य अपने खिताब की रक्षा करना और उसी जुनून और दृढ़ संकल्प के साथ खेलना है जो हमने पिछले साल दिखाया था।

टीम में गोलकीपर की भूमिका अनुभवी सविता और उभरती प्रतिभा बिचू देवी खारीबाम साझा करेंगी। डिफेंस की जिम्मेदारी उदिता, ज्योति, इशिका चौधरी, सुशीला चानू पुखरामबम और वैष्णवी विट्ठल फाल्के के पास होगी। मध्यपंक्ति में टेटे का साथ नेहा, शर्मिला देवी, मनीषा चौहान, सुनेलिता टोप्पो, और लालरेम्सियामी टीम को मजबूती प्रदान करेंगी। 

Advertisement

फॉरवर्ड में नवनीत कौर, संगीता कुमारी, दीपिका, प्रीति दुबे और ब्यूटी डुंगडुंग टीम की मारक क्षमता को बढ़ाएंगी। सुशीला और ब्यूटी चोट से उबरने के बाद टीम से वापसी कर रही हैं।

भारतीय उप कप्तान नवनीत का बयान

भारतीय उप कप्तान नवनीत ने कहा-

हमें अपनी तैयारी और एक दूसरे के साथ पर भरोसा है। अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलना उत्साहजनक है और हम एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करने के लिए तैयार हैं। सलीमा के साथ खेलने का अनुभव बहुत अच्छा रहा और हम इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

भारतीय टीम:

गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम।

डिफेंडर: उदिता, ज्योति, वैष्णवी विट्ठल फाल्के, सुशीला चानू पुखरामबम, इशिका चौधरी।

मिडफील्डर: नेहा, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी, मनीषा चौहान, सुनेलिता टोप्पो, लालरेम्सियामी।

फॉरवर्ड: नवनीत कौर, प्रीति दुबे, संगीता कुमारी, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग।

ये भी पढ़ें- 'बंद करो...', गैरी कर्स्टन के इस्तीफे के बाद बवाल; पाकिस्तान पर भड़का ये दिग्गज खिलाड़ी- लगाई वाट

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 28 October 2024 at 19:35 IST