अपडेटेड 30 September 2024 at 22:03 IST
प्रधान का SAI महानिदेशक के रूप में कार्यकाल समाप्त, खेल सचिव सुजाता को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के महानिदेशक के रूप में संदीप प्रधान का 5 साल से अधिक समय का कार्यकाल सोमवार को समाप्त हो गया।
- खेल समाचार
- 2 min read

भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के महानिदेशक के रूप में संदीप प्रधान का 5 साल से अधिक समय का कार्यकाल सोमवार को समाप्त हो गया। सरकार ने उन्हें पद से ‘मुक्त’ कर दिया। खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी को 1 अक्टूबर से SAI महानिदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खेल मंत्रालय के एक आधिकारिक आदेश के मुताबिक अपने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति कार्यकाल के पूरा होने के परिणामस्वरूप, संदीप प्रधान, महानिदेशक भारतीय खेल प्राधिकरण को उनके इस प्रभार से दिनांक 30.09.2024 से मुक्त कर दिया गया है।
बयान के मुताबिक सक्षम प्राधिकारी ने सचिव (खेल) सुजाता चतुर्वेदी को महानिदेशक SAI के पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपने की मंजूरी दे दी है। वो दिनांक 01.10.2024 से नियमित अधिकारी की नियुक्ति तक या अगले आदेश तक इस पद पर बनीं रहेंगी।
वडोदरा में जन्में 57 साल के प्रधान आईआईटी-कानपुर से स्नातक है। वो दो महीने के कार्यकाल अवकाश (अर्जित अवकाश) की समाप्ति के बाद अपने मूल कैडर को रिपोर्ट करेंगे, जिसके लिए उन्होंने अनुरोध किया था। प्रधान 1990 बैच के भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी है। उन्हें पहली बार जुलाई 2019 में उप महानिदेशक से पदोन्नत करके SAI महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्होंने नीलम कपूर की जगह ली थी।
Advertisement
मई 2020 में उनका कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया गया था। उन्हें 2022 में एक बार फिर से दो साल से अधिक का एक और कार्यकाल विस्तार दिया गया था।
प्रधान ने SAI में अपनी नियुक्ति से पहले चार साल (2013-17) तक गुजरात खेल प्राधिकरण के महानिदेशक के रूप में काम किया था। वो खेलो इंडिया के सीईओ के रूप में भी काम कर चुके हैं। इससे पहले वो पुणे में अतिरिक्त आयकर आयुक्त और मुंबई आयकर आयुक्त के रूप में काम कर चुके हैं।
Advertisement
सुजाता को 2021 में खेल सचिव के पद पर नियुक्त किया गया था। वह 1989 बैच की बिहार काडर की आईएएस अधिकारी है।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 30 September 2024 at 22:03 IST