अपडेटेड 8 August 2024 at 09:44 IST
'हमेशा ऋणी रहेंगे, आपके जज्बे और संघर्ष को...' विनेश के रिटायरमेंट ऐलान के बाद भावुक हुईं गीता फोगाट
ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का सपना अधूरा रहने के बाद विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास का ऐलान कर दिया। विनेश के ऐसा करने को गीता फोगाट ने दुखद बताया है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Geeta Phogat Reacted on Vinesh Retirement: खून निकाला, बाल-नाखून काटे, रातभर वर्कआउट किया... तमाम जद्दोजहद और कोशिशों के बावजूद विनेश फोगाट पेरिस ओलंपिक 2024 में डिसक्वालिफाई हो गईं। ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने का सपना अधूरा रह गया। विनेश को इस सपने के टूटने का इतना गहरा सदमा लगा कि उन्होंने कुश्ती से संन्यास तक का ऐलान कर दिया। उनके इस फैसले के बाद प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है। अब उनकी बहन गीता फोगाट ने उनके रिटायरमेंट को दुखद बताया है।
विनेश की चचेरी बहन बबीता फोगाट ने उनके जज्बे और संघर्ष की सराहना की। साथ ही विनेश के कुश्ती को अलविदा कहने को परिवार और देश के लिए दुखद भरा पल कहा।
'इस तरह कुश्ती से अलविदा कहना दुखद…'
गीता ने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा- 'बहन विनेश, आपने जो देश के लिए किया है उसके लिये हम सब आपके हमेशा ऋणी रहेंगे। सदियों तक आपके जज्बे और संघर्ष को याद रखा जायेगा। आप सभी लड़कियों की आदर्श हैं। आपका इस तरह कुश्ती से अलविदा कहना पूरे परिवार के साथ-साथ पूरे देश के लिए बहुत दुखद है।'
हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान
इस बीच विनेश फोगाट के लिए हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सीएम नायब सिंह ने ऐलान कर कहा कि विनेश फोगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा। हरियाणा CM नायब सिंह सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा- 'हरियाणा की हमारी बहादुर बेटी विनेश फोगाट ने जबरदस्त प्रदर्शन करके ओलंपिक में फाइनल में प्रवेश किया था। किन्हीं भी कारणों से वो भले ही ओलंपिक का फाइनल नहीं खेल पाई हो लेकिन हम सबके लिए वो एक चैंपियन हैं। हमारी सरकार ने ये फैसला किया है कि विनेश फौगाट का स्वागत और अभिनंदन एक मेडलिस्ट की तरह ही किया जाएगा। हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, ईनाम और सुविधाएँ देती है वे सभी विनेश फौगाट को भी कृतज्ञता पूर्वक दी जायेंगी। हमें आप पर गर्व है विनेश!'
Advertisement
कुश्ती से संन्यास का किया ऐलान
पेरिस ओलंपिक में दिल टूटने के बाद भारत की स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। विनेश फोगाट ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल में पहुंचने और फिर प्रतियोगिता से अयोग्य होने के बाद ये बड़ा फैसला लिया है। विनेश ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा- 'मां कुश्ती मेरे से जीत गई मैं हार गई माफ करना आपका सपना मेरी हिम्मत सब टूट चुके इससे ज़्यादा ताक़त नहीं रही अब। अलविदा कुश्ती, आप सबकी हमेशा ऋणी रहूंगी, माफी।'
बता दें कि विनेश फोगाट का बुधवार (7 अगस्त) की सुबह वजन तोला गया था, जिसमें वो 50 किग्रा से 100 ग्राम ज्यादा भारी पाई गईं। लिहाजा IOC ने उन्हें यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग के नियमों के तहत अयोग्य घोषित कर दिया।
Advertisement
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 8 August 2024 at 09:42 IST