अपडेटेड 17 August 2024 at 13:28 IST
भारत पहुंचकर विनेश फोगाट के मुंह से सबसे पहले निकला ये शब्द, रोते-रोते बोल दी दिल की बात
Vinesh Phogat: पेरिस ओलंपिक 2024 में दिल टूटने के बाद विनेश फोगाट भारत लौट आईं हैं। दिल्ली में जनता का प्यार देखकर वो भावुक हो गईं।
- खेल समाचार
- 3 min read

Vinesh Phogat Returns: पेरिस ओलंपिक 2024 में दिल टूटने के बाद विनेश फोगाट भारत लौट आईं हैं। शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट के बाहर उनका जोरदार स्वागत किया गया। विनेश फोगाट के हाथ में भले ही कोई मेडल नहीं था, लेकिन हवाई अड्डे के बाहर मौजूद परिवार, दोस्त और फैंस ने उन्हें चैंपियन समझा। लोगों का ये प्यार देखकर विनेश फोगाट से रहा नहीं गया और वो फूट-फूटकर रोने लगीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को देखकर सभी भारतीय खेल प्रेमियों की आंखें नम हो गई।
विनेश फोगाट का स्वागत करने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके दोस्त बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक भी मौजूद थे। मुश्किल समय से गुजरने के बाद अपनों को देखकर विनेश फोगाट भावुक हो गईं और वो अपने काफिले में रोते दिखीं। इस बीच जब मीडिया ने उनसे सवाल किया तो उन्होंने ज्यादा कुछ तो नहीं कहा लेकिन पेरिस ओलंपिक 2024 से खाली हाथ लौटने के बावजूद जनता का प्यार और सम्मान देखकर बड़ी बात बोल दी।
विनेश फोगाट ने क्या कहा?
विनेश फोगाट जब दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं तो उनका स्वागत वैसा ही हुआ जैसे पेरिस ओलंपिक से मेडल जीतकर आए खिलाड़ियों का हुआ था। सैकड़ों लोग उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। विनेश अपने दोस्त साक्षी मलिक को देखकर रोने लगी। इसके बाद जब वो अपनी गाड़ी पर बैठीं तो मीडिया ने उनसे पूछा कि आप कैसा महसूस कर रही हैं? नम आंखों से इस सवाल का जवाब देते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि मैं पूरे देश का धन्यवाद करना चाहती हूं। मैं बहुत भाग्यशाली हूं।''
विनेश फोगाट का सपना कैसे टूटा?
पेरिस ओलंपिक 2024 में विनेश फोगाट महिलाओं की 50 किलोग्राम कुश्ती स्पर्धा में भाग ले रही थीं। स्टार पहलवान ने एक ही दिन तीन 3 रेसलर्स को अखाड़े में चारों खाने चित्त कर फाइनल में जगह बनाई। विनेश ने इस दौरान दुनिया की नंबर-1 रेसलर को भी धूल चटाया। भारत का एक मेडल पक्का हो चुका था लेकिन विनेश जिस अंदाज में खेल रही थीं उसको देखते हुए गोल्ड से कम कुछ भी मंजूर नहीं थी। किसको पता था कि अगली सुबह क्या होने वाला है। फाइनल से पहले विनेश फोगाट का वजन तोला गया और वो 50 किलो से 100 ग्राम ज्यादा निकलीं। इसके बाद उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया मेडल जीतने का सपना चकनाचूर हो गया। डिसक्वालीफाई होने के बाद विनेश फोगाट ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) के सामने उन्हें सिल्वर मेडल देने की अपील की लेकिन यहां से भी उन्हें निराशा हाथ लगी क्योंकि CAS ने इस मांग को खारिज कर दिया।
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 17 August 2024 at 13:28 IST