अपडेटेड 9 August 2024 at 01:48 IST
BIG BREAKING: नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में जीता सिल्वर मेडल, अरशद नदीम के नाम स्वर्ण पदक
Paris Olympics: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
- खेल समाचार
- 2 min read

Paris Olympics: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक 2024 में गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए। उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने रिकॉर्डतोड़ 92.97 मीटर थ्रो फेंककर इतिहास रचा और गोल्ड मेडल अपने नाम किया। नीरज चोपड़ा ने अपना बेस्ट थ्रो 89.45 मीटर फेंका और रजत पदक जीतने में कामयाब रहे। ग्रेनेडिया के एंडरसन पीटर्स ने 88.54 मीटर थ्रो के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
नीरज चोपड़ा भले ही गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए लेकिन इसके बाद भी उन्होंने अपना नाम ओलंपिक इतिहास में दर्ज करवा लिया। वो 2 ओलंपिक मेडल जीतने वाले भारत के चौथे एथलीट बन गए। उनसे पहले सुशील कुमार, पीवी सिंंधु और इसी ओलंपिक में मनु भाकर ने ये कमाल कर दिखाया है।
गोल्ड से चूके नीरज
टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस में अपने प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नीरज और नदीम ने फाउल के साथ शुरुआत की थी, लेकिन पाकिस्तान के नदीम ने दूसरे प्रयास में ओलंपिक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। नीरज ने भी दूसरे प्रयास में अपने इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन वह नदीम से आगे नहीं निकल सके।
अरशद नदीम ने बनाया रिकॉर्ड
नीरज इस फाइनल में सिर्फ एक ही सही थ्रो फेंक पाए, जबकि बाकी 5 थ्रो उनके फाउल रहे, जिससे वो काफी निराश दिखे और अरशद को दोबारा चुनौती नहीं दे पाए। वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने फाइनल में दो बार 90 का आंकड़ा पार किया। उन्होंने अपने आखिरी प्रयास में भी 91.79 मीटर का थ्रो करते हुए फाइनल का शानदार अंत किया।
Advertisement
नीरज पहले भी कर चुके हैं बड़ा कारनामा
नीरज चोपड़ा ने इससे पहले वर्ल्ड चैंपियनशिप 2022 में सिल्वर जीता था। फिर डाइमंड लीग का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने थे और इसके बाद उन्होंने 2023 में वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया था।
ये भी पढ़ें- 'गोल्डन बॉय' नीरज चोपड़ा दिलाएंगे 'गोल्ड'! सामने होंगे 90 मीटर पार थ्रो फेंक चुके ये 5 खिलाड़ी | Republic Bharat
Advertisement
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 9 August 2024 at 01:25 IST