विनेश के सिल्वर पर फैसला टलने के बाद ताऊ महावीर फोगाट की पहली प्रतिक्रिया, कहा- उसी धूमधाम से...
विनेश फोगाट पर फैसला 16 अगस्त को आएगा। महावीर फोगाट ने कहा कि हम 5-6 दिन से लगातार इंतजार कर रहे हैं लेकिन हमें तारीख पर तारीख दी जा रही है।
- खेल समाचार
- 3 min read

Paris Olympics: पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती के फाइनल से पहले 100 ग्राम वजन ज्यादा होने की वजह से विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) को डिस्क्वालिफाई कर दिया गया था। जिसके बाद से विनेश ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन (CAS) में संयुक्त रूप से सिल्वर मेडल की मांग की थी। 13 अगस्त को विनेश की इस मांग पर सुनवाई होनी थी पर इस सुनवाई को 16 अगस्त के लिए टाल दिया गया है।
विनेश फोगाट पर बार-बार फैसला टलने पर उनके ताऊ महावीर फोगाट ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। महावीर फोगाट ने कहा कि हम 5-6 दिन से लगातार इंतजार कर रहे हैं लेकिन हमें तारीख पर तारीख दी जा रही है।
क्या बोले महावीर फोगाट
महावीर फोगाट ने कहा, "हम 5-6 दिन से फैसले का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन लगातार तारीख पे तारीख दी जा रही है। फिर भी हम इंतजार करेंगे और पूरा भारत देश इस फैसले का इंतजार कर रहा है। बार-बार फैसला टल रहा है, फिर भी हम इसी उम्मीद में हैं कि फैसला हमारे ही हक में आएगा। हम इंतजार करेंगे।"
महावीर फोगाट ने अपने बयान में आगे कहा कि CAS जो फैसला सुनाएगा वो उन्हें तहे दिल से स्वीकार होगा। उन्होंने यह भी बताया कि विनेश जब भारत वापस लौट आएंगी तब उनका बढ़िया ढंग से स्वागत किया जाएगा। महावीर ने बताया कि लोग मिठाई बांटने और पटाखे फोड़ने को तैयार बैठे थे क्योंकि हमें पूरी उम्मीद थी कि फैसला विनेश के हक में ही आएगा।
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट 50 किलो वर्ग के फाइनल में पहुंच गई थी। लेकिन मैच से पहले जब उनका वजन किया गया तो वो 100 ग्राम ओवर वेट निकली। जिसके चलते उन्हें डिसक्वालीफाई कर दिया गया। विनेश ने जिस क्यूबा की जिस रेसलर को सेमीफाइनल में हराया था, वो फाइनल में विनेश की जगह खेलीं। हालांकि, वह फाइनल हार गई और अमेरिका की महिला पहलवान ने गोल्ड मेडल जीता। डिसक्वालीफाई होने के बाद विनेश ने कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (कैस) में अपील दाखिल की थी।
तीसरी बार विनेश को लगा झटका
ये पहला मौका नहीं है जब विनेश फोगाट को ओलंपिक में झटका लगा हो। इससे पहले 2016 में रियो ओलंपिक्स में जब विनेश ने डेब्यू किया था तो क्वार्टर फाइनल मुकाबले में घुटने की चोट के कारण उनकी मेडल की उम्मीद टूट गई थी। इसके बाद टोक्यो ओलंपिक 2020 में वे 53 किलोग्राम वर्ग में हार गईं थी और पेरिस ओलंपिक 2024 में 100 ग्राम वजन ज्यादा होने की वजह से उन्हें फाइनल से डिस्क्वालिफाई कर दिया गया।