अपडेटेड 30 July 2024 at 23:40 IST

Paris Olympics 2024: अश्विनी पोनप्पा ने रोते हुए किया संन्यास का ऐलान, बोलीं- ये मेरा आखिरी ओलंपिक

भारत की अनुभवी बैडमिंटन खिलाड़ी अश्विनी पोनप्पा ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में रोते हुए संन्यास की घोषणा की।

Follow : Google News Icon  
Indian Badminton Player Ashwini Ponappa
भारत की स्टार बैडमिंटन प्लेयर अश्विनी पोनप्पा ने किया संन्यास का ऐलान | Image: Facebook

Paris Olympics 2024: भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी अश्विनी पोनप्पा ने मंगलवार को तनीषा क्रास्टो के साथ पेरिस खेलों की महिला युगल स्पर्धा में लगातार तीसरी हार के बाद आंसू बहाते हुए घोषणा की कि उन्होंने अपना आखिरी ओलंपिक खेल लिया है।

अश्विनी और तनीषा को मंगलवार को सेतियाना मोपासा और एंजेला यू की ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी के खिलाफ 38 मिनट में 15-21, 10-21 से हार झेलनी पड़ी। भारतीय जोड़ी ने अपने तीनों ग्रुप मैच गंवाकर अपना अभियान खत्म किया।

अपने तीसरे ओलंपिक में खेल रहीं अश्विनी से जब 2028 ओलंपिक में खेलने की उम्मीद के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- 

यह मेरा आखिरी होगा लेकिन तनीषा को अभी लंबा रास्ता तय करना है। 

उन्होंने आंसू रोकने की कोशिश करते हुए कहा- 

Advertisement

इसका भावनात्मक और मानसिक रूप से असर पड़ता है, मैं इसे फिर से नहीं झेल सकती। यह आसान नहीं है, अगर आप थोड़े युवा हैं तो आप यह सब झेल सकते हैं। इतने लंबे समय तक खेलने के बाद मैं इसे और नहीं झेल सकती।

वर्ष 2001 में अपना पहला राष्ट्रीय खिताब जीतने वाली अश्विनी ने ज्वाला गुट्टा के साथ एक शानदार और इतिहास रचने वाली महिला जोड़ी बनाई थी। ये दोनों 2017 तक साथ खेलीं। इस जोड़ी ने कई अंतरराष्ट्रीय पदक जीते थे जिसमें 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक और उबेर कप (2014 और 2016) और एशियाई चैंपियनशिप (2014) में कांस्य पदक शामिल हैं।

इस जोड़ी ने 2011 में विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर ऐसा करने वाली पहली भारतीय जोड़ी बनकर इतिहास रच दिया। यह उनके करियर का सबसे बड़ा पुरस्कार था। ज्वाला और अश्विनी की जोड़ी लगातार विश्व रैंकिंग में शीर्ष 20 में रही और एक समय 10वें स्थान पर पहुंच गई। अश्विनी और ज्वाला ने दो ओलंपिक (2012 और 2016) में एक साथ खेला लेकिन शुरुआती चरण से आगे नहीं बढ़ पाईं।

Advertisement

अश्विनी ने कहा- 

हम आज जीतना चाहते थे। हम चाहते थे कि परिणाम अलग और बेहतर हो, मेरे और तनीषा के लिए सबसे बड़ी बात यह रही कि ओलंपिक में पहुंचने के लिए हमें काफी लंबा सफर तय करना पड़ा। यह आसान नहीं था।

तनीषा भी अपनी भावनाओं को नियंत्रित नहीं कर पाईं और वह होकर रोने लगीं। उन्होंने कहा कि अश्विनी यहां मेरा सबसे बड़ा सहारा रही हैं। हम बेहतर परिणाम चाहते थे और हमने अपना सिर ऊंचा रखा। उन्होंने हर बार मुझे प्रेरित किया।

ये भी पढ़ें- Paris Olympics 2024 Day 5: शूटिंग से लेकर बॉक्सिंग तक, देखें भारत के पांचवें दिन का शेड्यूल

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 30 July 2024 at 23:40 IST