CWG 2026: मुरली श्रीशंकर ने लॉन्ग जंप में रचा इतिहास, लगातार दूसरा मेडल जीतकर बनाया नया रिकॉर्ड; मुक्केबाजी में भी भारत के 10 मेडल पक्के
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने 8.09 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता और लगातार दो CWG मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने। वहीं पैरा-एथलेटिक्स की 100m T47 रेस में भारत ने गोल्ड-सिल्वर जीता और बॉक्सिंग में 10 मेडल पक्के किए।
- खेल समाचार
- 3 min read

Murali Sreeshankar: स्कॉटलैंड के ग्लासगो में कॉमवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। सातवें दिन भी भारत की झोली में कई मेडल आए। एथलेटिक्स में भारत के स्टार लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने 8.09 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। लगातार दूसरी बार कॉमनवेल्थ में वे मेडल जीते।
लगातार दूसरी बार जीता सिल्वर
भारत के 27 साल की लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में इतिहास रच दिया है। वह इस स्पर्धा में लगातार दो मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। 2022 बर्मिंघम खेलों में भी उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया था और अब मुरली ने ग्लासगो में भी शानदार प्रदर्शन दोहराया। इस प्रतियोगिता में जमैका के ताजे गेल ने 8.15 मीटर की छलांग के साथ गोल्ड और स्कॉटलैंड के स्टीफन मैकेंजी (8.08 मीटर) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, भारत के लोकेश सत्यनाथन 7.97 मीटर के प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
‘ये वो जंप नहीं थी, जिसकी मुझे उम्मीद थी’
दूसरी बार सिल्वर मेडल जीतने वाले मुरली श्रीशंकर ने कहा कि हमारा लक्ष्य हमेशा गोल्ड मेडल जीतने वाला प्रदर्शन करना होता है। मैं सिल्वर मेडल पाकर खुश तो हूं, लेकिन पूरी तरह संतुष्ट नहीं हूं क्योंकि यह वह जंप नहीं थी जिसकी मुझे उम्मीद थी। मैं एक बड़ी जंप लगाना चाहता था, अपने देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना चाहता था और बर्मिंघम में मिले सिल्वर मेडल की कमी को पूरा करना चाहता था। लेकिन मैं खुश हूं और शुक्रगुजार भी हूं कि मैं कॉमनवेल्थ गेम्स में अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं, क्योंकि मैं जानता हूं कि पिछले दो सालों में मैंने किन हालात का सामना किया है, और सभी का धन्यवाद।
वहीं, पैरा-एथलेटिक्स में भारत ने कमाल करते हुए पुरुषों की 100 मीटर T47 रेस में गोल्ड और सिल्वर दोनों मेडल अपने नाम किए। दूसरी तरफ, भारतीय मुक्केबाजों ने भी शानदार खेल दिखाते हुए कम से कम 10 पदक पक्के कर अपने पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।
Advertisement
CWG 2026 में भारत का अब तक का प्रदर्शन
बता दें कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के कुल मेडल्स की संख्या अब तक 15 हो चुकी है, जिसमें 3 गोल्ड, 9 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत पदक तालिका में फिलहाल आठवें नंबर पर है।
यह भी पढ़ें: ICC रैंकिंग में ईशान किशन और शुभमन गिल का जलवा, वैभव ने भी लगाई 230 पायदान की लंबी छलांग