पब्लिश्ड 23:24 IST, June 11th 2024
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में खेल मंत्री बने मनसुख मांडविया ने संभाला कार्यभार
मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में मंत्री बनाए गए सभी नेताओं ने कामकाज संभाल लिया है। मनसुख मांडविया ने मंगलवार को खेल मंत्रालय का कार्यभार संभाला।
Modi 3.O Portfolio: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में मंत्रालयों का बंटवारा होने के साथ ही सभी मंत्रियों ने अपना कामकाज संभाल लिया है। मनसुख मांडविया ने मंगलवार को दिल्ली में खेल मंत्रालय का कार्यभार संभाला और देश के खेल परिदृश्य को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का वादा किया।
गुजरात के पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने वाले 52 वर्षीय मांडविया 2021 में जब कोविड-19 महामारी अपने चरम पर थी तब स्वास्थ्य मंत्री थे। पिछली सरकार ने वह रसायन और उर्वरक मंत्री भी रहे थे। मांडविया ने कार्यभार संभालने के बाद एक्स पर पोस्ट किया-
देश के युवाओं को सशक्त बनाने और खेलों के क्षेत्र में देश को मजबूत बनाने के लिए आज मैंने शास्त्री भवन में खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय का कार्यभार संभाला। हम इन क्षेत्रों में मजबूती हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ मिलकर काम करेंगे।
मांडविया ने भाजपा नेता अनुराग ठाकुर की जगह खेल मंत्रालय संभाला। इसके अलावा उन्होंने श्रम और रोजगार मंत्रालय का कार्यभार भी संभाला। मांडविया के साथ खेल मंत्रालय में रक्षा खडसे राज्य मंत्री हैं।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
अपडेटेड 23:24 IST, June 11th 2024