SRH vs RR: कौन है SRH की नई सनसनी Praful Hinge? जिसने डेब्यू मैच के पहले ही ओवर में वैभव सूर्यवंशी समेत राजस्थान के 3 बल्लेबाजों को जीरो पर भेजा पवेलियन
SRH vs RR: प्रफुल हिंगे ने आखिरकार सोमवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपना डेब्यू किया और पहले ही मैच में प्रफुल्ल हिंगे ने IPL इतिहास का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है।
- खेल समाचार
- 3 min read

SRH vs RR: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों को एक नया सितारा मिला। विदर्भ के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंग ने IPL इतिहास का सबसे धमाकेदार डेब्यू किया। कप्तान ईशान किशन ने उन पर भरोसा जताते हुए गेंद थमाई और हिंगे ने पहली 6 गेंदों के भीतर ही मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने एक ही ओवर में तीन विकेट झटके और ऐसा करने वाले वे IPL इतिहास के पहले गेंदबाज बन गए हैं।
पहले ही ओवर में हैट्रिक जैसा प्रदर्शन
प्रफुल्ल हिंगे ने अपनी स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ से राजस्थान के टॉप ऑर्डर की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने अपने पहले ओवर की विभिन्न गेंदों पर वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस और ध्रुव जुरेल को आउट कर सनसनी फैला दी। इससे पहले IPL में 32 बार ऐसा हुआ था जब किसी गेंदबाज ने पहले ओवर में 2 विकेट लिए हों, लेकिन 3 विकेट लेने का कारनामा पहली बार प्रफुल्ल ने ही किया है।
कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे?
नागपुर के रहने वाले 24 वर्षीय प्रफुल्ल हिंगे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलते हैं। उन्हें IPL 2026 की नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था। प्रफुल्ल 2022 से चेन्नई के मशहूर MRF पेस फाउंडेशन से जुड़े हुए हैं। उनकी गेंदबाजी में निखार तब आया जब उन्हें साल 2024 में ऑस्ट्रेलिया के ब्रिस्बेन में कैंप के लिए भेजा गया। वहां उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज गेंदबाज जोश हेजलवुड और झाए रिचर्डसन के साथ गेंदबाजी के गुर सीखे।
किस्मत ने आखिरकार दिया साथ
प्रफुल्ल के लिए यह डेब्यू आसान नहीं था। 11 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लनपुर में हुए मैच में कप्तान ईशान किशन ने टॉस के वक्त उनका नाम प्लेइंग इलेवन में लिया था, लेकिन अंतिम समय में वे 'इम्पैक्ट प्लेयर' रणनीति के कारण मैदान पर नहीं उतर सके थे। सोमवार को राजस्थान के खिलाफ उन्हें जयदेव उनादकट की जगह फिर से मौका मिला और इस बार उन्होंने इस मौके को दोनों हाथों से लपका।
Advertisement
प्रफुल्ल हिंगे का अब तक का करियर
हिंगे ने घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की विजय हजारे ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। अब तक के उनके करियर पर नजर डालें तो-
- फर्स्ट क्लास: 10 मैचों में 27 विकेट (औसत 26.66)
- लिस्ट ए: 6 मैचों में 5 विकेट
- IPL डेब्यू: पहले ही ओवर में 3 विकेट लेकर वर्ल्ड रिकॉर्ड