RCB vs GT: फिर ‘विराट’ अवतार में दिखे ‘कोहली’; रच दिया इतिहास, 19 साल में कोई नहीं बना पाया चौके-छक्कों का ऐसा रिकॉर्ड
Virat Kohli Records: IPL 2026 के 34वें मुकाबले में विराट कोहली ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। कोहली की 81 रनों की शानदार पारी और देवदत्त पडिक्कल के 55 रनों के दम पर आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।
- खेल समाचार
- 3 min read

RCB vs GT Virat Kohli Records: आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में 'रन मशीन' विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए रोमांचक मैच में कोहली ने न केवल अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों का मन मोह लिया, बल्कि दो बड़े कीर्तिमान भी अपने नाम दर्ज कर लिए।
विराट IPL इतिहास में 800 चौके लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही, उन्होंने इस मैच में अपने IPL करियर के 300 छक्के भी पूरे कर लिए, जिससे वे अब IPL के चुनिंदा '300 सिक्स क्लब' का हिस्सा बन गए हैं।
800 चौकों और 300 छक्कों का डबल धमाका
विराट कोहली की फिटनेस और निरंतरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे 37 साल की उम्र में भी गेंदबाजों के लिए काल बने हुए हैं। चिन्नास्वामी स्टेडियम में राशिद खान की गेंद पर लॉन्ग-ऑन के ऊपर से जड़ा गया छक्का न केवल उनके करियर का 300वां छक्का था, बल्कि उसने उन्हें टी20 और IPL के उस विशिष्ट क्लब में शामिल कर दिया, जहां तक पहुंचना हर खिलाड़ी का सपना होता है।
इस शानदार पारी के साथ ही, कोहली ने साबित कर दिया कि क्यों उन्हें आधुनिक क्रिकेट का 'किंग' कहा जाता है। उन्होंने न केवल चौकों की संख्या में (800+) अन्य खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा है, बल्कि छक्कों के मामले में भी अब वे क्रिस गेल और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों की कतार में मजबूती से खड़े हैं।
IPL में सबसे ज्यादा छक्के (टॉप 5 बल्लेबाज)
Advertisement
- क्रिस गेल - 357
- रोहित शर्मा - 310
- विराट कोहली - 300
- एमएस धोनी - 264
- एबी डिविलियर्स - 251
IPL में सबसे ज्यादा चौके (टॉप 5 बल्लेबाज)
- विराट कोहली- 803
- शिखर धवन - 768
- डेविड वॉर्नर - 663
- रोहित शर्मा - 653
- अजिंक्य रहाणे - 522
RCB ने गुजरात को दी पटखनी
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने साई सुदर्शन के शानदार शतक (100 रन) और शुभमन गिल (32 रन) की बदौलत 20 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 205 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी RCB की टीम को जीत के लिए एक बड़ी साझेदारी की दरकार थी।
Advertisement
विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और 81 रनों की आक्रामक पारी खेली, वहीं देवदत्त पडिक्कल ने भी 55 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। इन दोनों की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत RCB ने 18.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 206 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। गुजरात के लिए राशिद खान ने दो विकेट जरूर चटकाए, लेकिन वे कोहली के तूफान को नहीं रोक पाए।