अपडेटेड 7 April 2024 at 16:49 IST
IPL 2024: वानखेड़े में सूर्य ग्रहण, मुंबई इंडियंस पर टूटेगा कहर? मुसीबत में हार्दिक की पलटन
IPL 2024 में मुसीबतों का सामना कर रही मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी उम्मीद पर सूर्य ग्रहण लग गया है। अब मुंबई को इसका कितना खामियाजा भुगतना पड़ेगा, ये देखना होगा।
- खेल समाचार
- 3 min read

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन में जीत का स्वाद चखने के लिए बेताब मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) मुसीबतों से निकल नहीं पा रही है। जिस सूर्य के दम पर मुंबई ने वापसी का दम भरा था, जिस सूर्य में टीम ने उम्मीद की किरण देखी थी। उस सूर्य पर ग्रहण लग गया है। अब सवाल ये है कि क्या मुंबई इंडियंस पर इसका कहर टूटेगा?
5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस IPL में आज रविवार को ऋषभ पंत (Rishabh Pant) की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) से भिड़ रही है। दोनों टीमों के बीच वानखेडे़ के मैदान पर ये मुकाबला खेला जा रहा है, जहां सूर्य ग्रहण लगा है। दरअसल टीम के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar) ने आज के मैच से क्रिकेट में वापसी की है, जो बेहद खराब रही है।
बिना खाता खोले आउट हुए सूर्य
दुनिया के नंबर-1 T20 बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव दिल्ली के खिलाफ अपने IPL 2024 के पहले मैच में खाता भी नहीं खोल पाए। दिल्ली के तेज तर्रार गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे ने उन्हें अपनी दूसरी गेंद में फंसा लिया। आते ही ताबड़तोड़ शुरुआत की कोशिश में सूर्यकुमार कैच आउट हो गए। पहली गेंद भी सूर्य के पैड पर लगी, लेकिन वो बच गए।
Advertisement
फ्लॉप रहा सूर्य का IPL कमबैक
बता दें कि सूर्यकुमार यादव करीब 4 महीने बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी कर रहे हैं। सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ समय से चोट से ठीकर रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। इसी के चलते उन्हें IPL 2024 के शुरुआती कुछ मैचों से बाहर रहना पड़ा था। मुंबई इंडियंस ने अपने अब तक पिछले तीनों मैच गंवाए हैं। MI को लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा और इन हार के पीछे एक तर्क सूर्यकुमार यादव के टीम में न होने को दिया जा रहा था। मिस्टर 360 के नाम से मशहूर सूर्यकुमार के प्लेइंग-11 में न होने के कारण मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी को कमजोर बताया जा रहा था, लेकिन जब सूर्य कुछ दिन पहले खेलने के लिए फिट हुए हैं और टीम के साथ जुड़े तो दावे किए जाने लगे कि अब मुंबई इंडियंस को कोई नहीं हरा सकता। हार्दिक को एक मजबूत कंधा मिला है, लेकिन सूर्य अपने पहले ही मैच में शून्य पर आउट होकर पवेलियन लौट गए।
Advertisement
पिछले साल हुए थे चोटिल
33 साल के सूर्यकुमार यादव ने 14 दिसंबर 2023 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में वो बुरी तरह चोटिल हो गए थे। उनके पैर में चोट लगी थी, जो इतनी सीरियस थी कि वो चल भी नहीं पा रहे थे। तभी से सूर्यकुमार क्रिकेट एक्शन से दूर थे, लेकिन अब उनकी वापसी हो गई है, हालांकि वो अपने पहले मैच में फ्लॉप रहे हैं। अब देखना ये है कि क्या मुंबई आज का मैच जीतकर पटरी पर लौटेगी या हार का चौका लगाएगी।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 7 April 2024 at 16:49 IST