शशांक नहीं तूफान है... जिसे पंजाब किंग्स ने 'गलती' से खरीदा, वो बना सबसे बड़ा मैच विनर!
IPL 2024 में Shashank Singh नाम का तूफान पंजाब किंग्स के लिए सबसे बड़ा मैच विनर साबित हो रहा है। पंजाब ने अब तक जितने भी मैच जीते हैं शशांक का अहम रोल रहा है।
- खेल समाचार
- 2 min read

Shashank Singh Punjab Lings: आईपीएल 2024 में शुक्रवार को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स ने इतिहास रच दिया। ईडन गार्डन मैदान पर खेले गए मुकाबले में जॉनी बेयरस्टो के शानदार शतक के दम पर पंजाब ने आईपीएल इतिहास के का सबसे बड़ा रन चेज कर लिया। केकेआर के खिलाफ मैच में भले ही सबसे ज्यादा सुर्खियां बेयरस्टो ने बटोरी लेकिन भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी शशांक सिंह ने जो काम किया उसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
नंबर-4 पर बैटिंग करने आए शशांक सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें आईपीएल 2024 का सबसे बड़ा खोज माना जा रहा है। केकेआर के खिलाफ मैच में भी उन्होंने महज 28 गेंदों पर 68 रनों की तूफानी पारी खेलकर पंजाब किंग्स को ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान उन्होंने चौकों से ज्यादा छक्के मारने पर विश्वास दिखाया और 8 आसमानी सिक्स जड़े।
शशांक सिंह ने बना ली अलग पहचान
घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ के लिए खेलने वाले शशांक सिंह आईपीएल 2024 से पहले सबके लिए अनजान थे। आलम ये था कि ऑक्शन में भी उनके नाम को लेकर बड़ी कन्फ्यूजन हो गई थी। पंजाब किंग्स किसी युवा शशांक सिंह पर बोली लगाना चाहती थी, लेकिन गलती से उन्होंने 33 वर्षीय शशांक को खरीद लिया। लेकिन कहते हैं कि कभी-कभी गलत टिकट लेकर भी आप सही मंजिल तक पहुंच जाते हैं। पंजाब किंग्स के लिए भी फिलहाल यही हो रहा है। आईपीएल 2024 में लगभग हर मैच में शशांक जलवा बिखेर रहे हैं।
आईपीएल 2024 में शशांक का प्रदर्शन
आईपीएल 2024 में केकेआर के खिलाफ ऐतिहासिक जीत के बावजूद पंजाब किंग्स की टीम संघर्ष कर रही है। हालांकि, इस जीत से उन्होंने छलांग लगाई है और अब वो पॉइंट्स टेबल पर 8वें स्थान पर हैं। शशांक सिंह ने अभी तक हुए 9 मैचों में 263 रन बनाए हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है कि वो इस सीजन पंजाब किंग्स के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज हैं। शशांक सिंह अभी तक 18 छक्के लगा चुके हैं और वो जिस अंदाज में खेल रहे हैं उसको देखते हुए लगता है कि ये आंकड़ा अभी और बढ़ने वाला है।