अपडेटेड 23 April 2024 at 06:58 IST
शतकवीर यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा ने लगाया गले, ये रहा MI vs RR मैच का स्पेशल मोमेंट
Yashasvi Jaiswal Hundred IPL: आईपीएल 2024 के 38वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से हरा दिया। यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़ा।
- खेल समाचार
- 3 min read

Yashasvi Jaiswal Hundred vs MI: क्रिकेट में एक पुरानी कहावत है कि फॉर्म टेम्परेरी होता है और क्लास परमानेंट। टीम इंडिया के युवा स्टार यशस्वी जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में शानदार शतक जड़कर इसे साबित किया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच में यशस्वी ने 104 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। संजू सैमसन की टीम के लिए ये बहुत खुशी की खबर है, क्योंकि इससे पहले युवा ओपनर का बल्ला खामोश रहा था।
आईपीएल 2024 के 38वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 9 विकेट से हरा दिया। पूरे मुकाबले में RR का दबदबा रहा और शुरुआत से ही हार्दिक पांड्या की टीम ने उनके आगे घुटने टेक दिए। इसके बाद बैटिंग में यशस्वी जायसवाल ने कमाल किया और 60 गेंदों पर 104 रनों की नाबाद पारी खेली। इस बीच एक वीडियो फैंस का दिल जीत रहा है, जिसमें टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा उभरते हुए सितारे यशस्वी जायसवाल को गले लगाते दिख रहे हैं।
रोहित ने यशस्वी को लगाया गले
बता दें कि भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करते हैं। हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ हुए टेस्ट सीरीज में दोनों का प्रदर्शन शानदार रहा था। हालांकि, आईपीएल 2024 में अभी तक यशस्वी जायसवाल कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे, लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार शतक जड़कर उन्होंने ना सिर्फ भारतीय फैंस बल्कि रोहित शर्मा का भी दिल जीत लिया।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें देख सकते हैं कि मैच के बाद यशस्वी और रोहित एक दूसरे से बातचीत कर रहे हैं और हिटमैन युवा बल्लेबाज के शतक से बेहद खुश नजर आ रहे हैं। इस दौरान रोहित ने यशस्वी जायसवाल को गले भी लगाया।
Advertisement
RR vs MI मैच में क्या हुआ?
जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए मैच की बात करें तो MI के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनकी शुरुआत बेहद खराब रही और RR के गेंदबाज संदीप शर्मा ने ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव को चलता किया। फिर ट्रेंट बोल्ट ने रोहित शर्मा को आउट कर मुंबई इंडियंस को बड़ा झटका दिया। उन्होंने महज 20 रन पर तीन विकेट खो दिए। तिलक वर्मा और नेहल वढेरा ने अर्धशतक जड़कर पारी को संभाला और मुंबई इंडियंस को 179 रनों तक पहुंचा दिया। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से संदीप शर्मा ने सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए।
180 रनों का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की तरफ से युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत दिलाई। जोस बटलर 35 रन बनाकर आउट हुए लेकिन उसके बाद कप्तान संजू सैमसन और यशस्वी ने मिलकर RR को आसानी से जीत दिलाई। जायसवाल ने 104 और संजू ने 38 रनों की पारी खेली।
Advertisement
इसे भी पढ़ें: जब रियान पराग के लिए मसीहा बने थे कोहली, राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी ने बताई बुरे दौर की कहानी
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 23 April 2024 at 06:58 IST