'अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका लेकिन…' IPL में मुंबई इंडियंस का सफर खत्म होने के बाद बोले रोहित
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का IPL के मौजूदा सीजन के दूसरे चरण में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इसको लेकर उन्होंने खुलकर बात की।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2024: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने स्वीकार किया है कि IPL के मौजूदा सीजन में वो अपने मानदंडों के अनुरूप बल्लेबाजी नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने इस पर ज्यादा माथापच्ची करने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ गलतियों पर काम करने पर फोकस किया।
5 बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा IPL 2024 सीजन के दूसरे चरण में 6 मैचों में 20 रन से ज्यादा की पारी नहीं खेल सके। उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ सीजन के आखिरी मैच के बाद IPL के डिजिटल ब्रॉडकास्टर जियो सिनेमा से बातचीत के दौरान कहा-
एक बल्लेबाज के तौर पर मैं जानता हूं कि अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका, लेकिन इतने साल खेलने के बाद मुझे इतना पता है कि जरूरत से ज्यादा सोचूंगा तो अच्छा नहीं खेल पाऊंगा।
उन्होंने लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच में 38 गेंदों पर 68 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
'गलतियों पर काम करता हूं'
Advertisement
रोहित ने कहा-
मैं सकारात्मक रहने की कोशिश करता हूं। अभ्यास करता रहता हूं और अपनी गलतियों पर काम करता हूं। हमारा ये सीजन अच्छा नहीं रहा और इसके लिए हम ही कसूरवार हैं, क्योंकि हमने काफी गलतियां की। हमने ऐसे मैच गंवाए जो जीतने चाहिए थे, लेकिन IPL में ऐसा ही होता है। आपको मौके कम मिलते हैं और जो मिलते हैं तो उन्हें गंवाना नहीं चाहिए।
भारतीय कप्तान ने ये भी कहा कि T20 वर्ल्ड कप की 70 प्रतिशत टीम IPL के पहले ही तय कर ली गई थी। उन्होंने कहा कि IPL में प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। हमने उस पर ज्यादा फोकस नहीं किया। IPL के इस सीजन से पहले ही T20 वर्ल्ड कप टीम के 70 प्रतिशत खिलाड़ियों को अपनी भूमिका का पता था।