शतक से चूके रियान पराग और चकनाचूर हुआ मां का दिल, हाथ जोड़ कर रहीं थीं प्रार्थना; RR vs KKR मैच का भावुक मोमेंट
Riyan Parag: रियान पराग ने मोईन अली के ओवर में लगातार 5 छक्के जड़कर केकेआर के खेमे में खलबली मचाई और फिर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर सिक्स जड़कर इतिहास रच दिया।
- खेल समाचार
- 3 min read

Riyan Parag Mother Reaction: आईपीएल 2025 के 53वें मैच में राजस्थान रॉयल्स का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ। ईडन गार्डन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रियान पराग ने ऐसा अद्भुत कारनामा किया जो आईपीएल के इतिहास में किसी ने नहीं किया था। रियान पराग ने लगातार 6 छक्के जड़कर सनसनी मचा दी। उन्होंने इंग्लैंड के अनुभवी ऑफ स्पिनर मोईन अली के ओवर में लगातार 5 छक्के जड़कर केकेआर के खेमे में खलबली मचाई और फिर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर सिक्स जड़कर इतिहास रच दिया।
ईडन गार्डन स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में भले ही राजस्थान रॉयल्स की टीम हार गई, लेकिन रियान पराग की इस करिश्माई पारी को फैंस हमेशा याद रखेंगे। कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 206 रन बनाए थे। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की पारी लड़खड़ाई, लेकिन कप्तान रियान पराग ने अकेले दम पर मैच का रंग-रूप बदल दिया। उन्होंने 13वें ओवर में 5 लगातार छक्के जड़कर सनसनी मचा दी। मोईन अली के इस ओवर में कुल 32 रन बने।
टूटा रियान पराग की मां का दिल
जब रियान पराग ये करिश्माई पारी खेल रहे थे तब ईडन गार्डन स्टेडियम में उनकी मां मौजूद थीं। जब बेटे ने लगातार 6 छक्के जड़े तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा, लेकिन थोड़ी देर बाद ही उनका दिल टूट गया। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है जिसमें देख सकते हैं कि रियान पराग की मां बेटे के शतक के लिए प्रार्थना कर रही थीं। हालांकि, ऐसा नहीं हो सका। शानदार पारी खेलने के बाद वो 95 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही मां का दिल टूट गया। 95 रनों की पारी के दौरान रियान पराग ने 8 छक्के और 6 चौके जड़े।
आखिरी ओवर में गजब ड्रामा
जब रियान पराग आउट हुए तो ऐसा लगा कि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम आसानी से ये मैच जीत जाएगी, लेकिन कहानी में ट्विस्ट बाकी थी। आखिरी ओवर में राजस्थान रॉयल्स को जीत के लिए 22 रनों की दरकार थी। पहली दो गेंद पर सिर्फ 3 रन बने। इसके बाद शुभम दुबे ने अपनी काबिलियत से हड़कंप मचाई और अगली तीन गेंद पर 16 रन बनाकर KKR फैंस की सांसें रोक दी। आखिरी गेंद पर 3 रन की जरूरत थी, लेकिन वैभव अरोड़ा के यॉर्कर पर शुभम बड़ी हिट नहीं लगा सके और दिल की धड़कनें बढ़ा देने वाले मैच को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 1 रन से जीत लिया।