अपडेटेड 28 April 2024 at 08:56 IST

दिल्ली के जबड़े से जीत छीन रहे थे टिम डेविड, पंत ने चली ये चाल और अगली गेंद में हुआ काम-तमाम

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज टिम डेविड खतरनाक अंदाज में खेल रहे थे। फिर ऋषभ पंत ने मास्टर प्लान बनाया और अगली गेंद पर वो आउट हो गए

Follow : Google News Icon  
Rishabh Pant master plan send dangerous tim david
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत | Image: ipl/x

Rishabh Pant DC vs MI: आईपीएल 2024 में शनिवार को दोपहर के मैच में दिल्ली कैपिटल्स का सामना मुंबई इंडियंस से हुआ। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एक और हाई स्कोरिंग एनकाउंटर देखने को मिला और मैच में 500 से ज्यादा रन बने। DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 257 रनों का पहाड़ खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम ने 247 रन बनाए और 10 रन से ये मुकाबला हार गई।

DC बनाम MI मैच में ऋषभ पंत ने बल्लेबाजी से तो कुछ खास कमाल नहीं किया लेकिन उन्होंने अपनी कप्तानी और विकेट कीपिंग से एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया। एक समय पर मुंबई इंडियंस के धाकड़ बल्लेबाज टिम डेविड बहुत तेजी से रन बना रहे थे और ऐसा लग रहा था कि वो दिल्ली कैपिटल्स के जबड़े से जीत छीन लेंगे। खतरनाक दिख रहे डेविड के खिलाफ विकेट के पीछे से ऋषभ पंत ने ऐसा प्लान बनाया कि अगली ही गेंद पर वो आउट होकर पवेलियन लौट गए।

पंत का मास्टर प्लान, डेविड का काम-तमाम

मुंबई इंडियंस को जीत के लिए आखिरी 18 गेंदों पर 64 रनों की दरकार थी। 18वें ओवर में गेंदबाजी करने आए मुकेश कुमार। टिम डेविड ने पहली गेंद पर छक्का, दूसरी पर चौका और फिर तीसरी गेंद पर सिक्स जड़कर दिल्ली कैपिटल्स को टेंशन में डाल दिया। वो हर बॉल पर आगे बढ़कर प्रहार कर रहे थे। मुकेश कुमार को समझ नहीं आ रहा था कि डेविड को रोके तो रोके कैसे। फिर कप्तान ऋषभ पंत ने आगे आकर विकेट कीपिंग करने का फैसला किया। उन्होंने मुकेश से बातचीत भी की और उन्हें धीमी गति की गेंद डालने की सलाह दी।

ऋषभ पंत का ये मास्टर प्लान काम कर गया और अगली ही गेंद पर टिम डेविड LBW हो गए। इस गेंद पर वो आगे निकलकर खेलने में असफल रहे और क्रीज में फंस गए। टिम डेविड के आउट होते ही दिल्ली कैपिटल्स और पंत को राहत मिली और मैच पूरी तरह से उनके कंट्रोल में आ गया। आखिरकार दिल्ली ने मुंबई को 10 रन से हरा दिया।

Advertisement

पॉइंट्स टेबल पर 5वें नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स

मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद दिल्ली कैपिटल्स ने पॉइंट्स टेबल पर जबरदस्त छलांग लगाई है। 10 में से 5 मैच जीतकर वो 10 अंकों के साथ 5वें नंबर पर पहुंच गई है। दिलचस्प बात ये है कि ऋषभ पंत की टीम इस समय चेन्नई सुपर किंग्स से भी आगे है, हालांकि CSK ने एक मुकाबला कम खेला है। 

इसे भी पढ़ें: बेटे को लाइव देखने आए सैनिक पिता का सीना हुआ चौड़ा, ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक जड़ किया सैल्यूट

Advertisement

Published By : Ritesh Kumar

पब्लिश्ड 28 April 2024 at 08:56 IST