अपडेटेड 22 March 2024 at 17:13 IST
'ये तो होना ही था…' धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने पर ये क्या बोल गए रविचंद्रन अश्विन
भारतीय दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एमएस धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने पर बड़ा बयान दिया है। अश्विन के मुताबिक ये तो होना ही था।
- खेल समाचार
- 3 min read

Ravichandran Ashwin Comment on Dhoni Steps Down of CSK Captaincy: IPL 2024 की शुरुआत भी नहीं हुई है और फैंस को बड़ा सरप्राइज देखने को मिला है। दिग्गज कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) ने चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी छोड़ दी है और रुतुराज गायकवाड़ को कमान सौंप दी है।
धोनी के इस फैसले से फैंस हैरान हैं, हालांकि धोनी ने इस बारे में हिंट पहले ही दे दिया था, जब उन्होंने एक पोस्ट में कहा था कि वो IPL 2024 में नए रोल में नजर आ सकते हैं। बावजूद इसके धोनी के इस फैसले पर काफी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। उनके पूर्व टीम मेट और भारतीय दिग्गज गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने तो बड़ी बात बोल दी है। धोनी के CSK की कप्तानी छोड़ने पर अश्विन ने बड़ा बयान दिया है।
अश्विन ने धोनी के फैसले पर क्या कहा?
भारत के दिग्गज स्पिनर और IPL में राजस्थान रॉयल्स के सदस्य रविचंद्रन अश्विन ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि रुतुराज गायकवाड़ को IPL में CSK की कप्तानी देने में जल्दबाजी नहीं की गई, क्योंकि महेंद्र सिंह धोनी का काम करने का तरीका जिस तरह का है, उन्होंने इस सलामी बल्लेबाज से लंबे समय पहले ही इस भूमिका के बारे में बात कर ली होगी।
Advertisement
बता दें कि CSK ने IPL 2024 सीजन के आगाज के ठीक एक दिन पहले गुरुवार को धोनी की जगह रुतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपने की घोषणा की। CSK ने हालांकि 2022 सीजन में भी कप्तान बदला था। तब धोनी ने स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को कप्तान बनाया था, लेकिन 8 मैच के बाद ही जडेजा ने धोनी को कप्तानी लौटा दी।
'बिल्कुल हैरान करने वाला नहीं था फैसला'
Advertisement
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा-
ये फैसला बिल्कुल भी हैरान करने वाला नहीं था। ये तो होना ही था, किसी न किसी चरण में ऐसा होता। मैं एमएस धोनी को जानता हूं, उनके लिए टीम सबसे अहम है और वो हमेशा टीम की बेहतरी के बारे में ही सोचते रहते हैं। इसकी वजह से 2 साल पहले उन्होंने कप्तानी की जिम्मेदारी जडेजा को सौंपी और अब रुतुराज को दी। ये फैसला तो करना ही था, लेकिन सवाल था कि वो कौन होगा और ये किस तरह होगा।
इस अनुभवी क्रिकेटर का मानना है कि ये अंतिम समय में लिया हुआ फैसला नहीं हो सकता था। अश्विन ने कहा-
ऐसा नहीं है कि रुतुराज को कल ही पता चला हो कि धोनी सिर्फ बतौर बल्लेबाज खेलेंगे। मेरा मानना है कि धेानी ने पिछले साल ही रुतुराज को बताया होगा कि तुम्हें जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। मैं तुम्हारे साथ रहूंगा, इसलिए तुम्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है।
रुतुराज गायकवाड़ की तारीफ की
अश्विन ने रुतुराज को कप्तान बनाने का सपोर्ट किया है, क्योंकि उन्हें लगता है कि वो भी शांत और संयमित व्यक्तित्व के खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा-
मैं रुतुराज को जानता हूं, वो बहुत ही शांत और संयमित खिलाड़ी हैं और बहुत अच्छे इंसान हैं और मैं उनके लिए खुश हूं।
रुतुराज ने भी किया खुलासा
वहीं रुतुराज गायकवाड़ ने भी आधिकारिक घोषणा के बाद स्वीकार किया कि धोनी ने पिछले सीजन में ही उन्हें टीम की कमान संभालने का संकेत दे दिया था। बता दें कि आज 22 मार्च को IPL 2024 का आगाज हो रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स के बीच चेन्नई में ओपनिंग मैच होगा। मुकाबले से ओपनिंग सेरेमनी होगी।
Published By : DINESH BEDI
पब्लिश्ड 22 March 2024 at 17:09 IST