अपडेटेड 6 April 2024 at 19:18 IST

RCB vs RR के बीच IPL मैच में हर छक्के पर रोशन होंगे 6 गरीब घर, जानें क्या है मामला

RCB के खिलाफ आज का IPL मैच राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहद खास है। इस मैच में लगने वाले हर छक्के पर राजस्थान में 6 गरीब घर रोशन होंगे।

Follow : Google News Icon  
IPL Match Between Rajasthan Royals and RCB
RCB और RR के बीच IPL मैच | Image: IPL

IPL 2024: दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग IPL में आज दो रॉयल टीमों के बीच संग्राम होने वाला है। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबला खेला जाएगा, जो बेहद खास रहने वाला है, क्योंकि इस मैच में हर छक्के पर राजस्थान के 6 गरीब घर रोशन होंगे।

राजस्थान रॉयल्स का अब तक IPL 2024 सीजन बेहद शानदार रहा है। जीत के रथ पर सवार राजस्थान ने लगातार तीन मुकाबले जीते हैं। टीम के इस प्रदर्शन से उसके फैंस बेहद खुश हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी आज RCB के खिलाफ मैच में जो करने वाली है, उससे राजस्थान रॉयल्स के फैंस की ये खुशी दोगुनी हो जाएगी। दरअसल राजस्थान रॉयल्स आज का मैच समाज, खासतौर पर महिलाओं को समर्पित करने वाली है। इस कड़ी में फ्रेंचाइजी ने कई बड़ी पहल की हैं और 6 गरीब घरों का रोशन होना, इसी पहल का हिस्सा है। 

हर सिक्स पर 6 गरीब घरों में लगाए जाएंगे सोलर पैनल

हर क्रिकेट टीम के लिए मैच खेलने का मकसद जीत होता है, लेकिन संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स आज एक खास वजह के लिए खेल रही है। दरअसल राजस्थान में महिलाओं के नेतृत्व वाले परिवर्तन को बढ़ावा देने और समर्थन करने के मुख्य उद्देश्य के साथ राजस्थान रॉयल्स ने ये कमिटमेंट किया है कि मैच के दौरान हर छक्के पर राजस्थान के 6 गरीब घरों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। चाहे ये सिक्स कोई भी टीम लगाए। राजस्थान और RCB के बीच आज के इस IPL मैच को पिंक प्रोमिस मैच करार दिया गया है। 

Advertisement

दरअसल राजस्थान रॉयल्स ने गुरुवार को पिंक प्रॉमिस मैच के दौरान लगने वाले हर छक्के पर 6 घरों को सौर ऊर्जा से बिजली देने की घोषणा की थी। समाज के लिए काम करने वाली राजस्थान रॉयल्स की इकाई रॉयल राजस्थान फाउंडेशन ‘औरत है तो भारत है’ अभियान के साथ ये सब कुछ कर रही है। 

पिंक जर्सी में खेल रही राजस्थान रॉयल्स 

Advertisement

पिंक प्रोमिस मैच होने के चलते राजस्थान रॉयल्स आज RCB के खिलाफ पिंक जर्सी में खेल रही है, जो राजस्थान की उन महिलाओं के प्रति सम्मान देने की जरिया है, जो जमीनी स्तर पर बदलाव ला रही हैं। इन सभी पिंक जर्सियों की सेल से आने वाली आय रॉयल राजस्थान फाउंडेशन को दी जाएगी और इसे महिलाओं के उत्थान के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। वैसे जयपुर को भी पिंक सिटी के नाम से जाना जाता है। 

ये भी पढ़ें- IPL 2024: राजस्थान, हैदराबाद और मुंबई में स्टेडियम की सीटों के रंग पर रवि अश्विन का बड़ा खुलासा

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 6 April 2024 at 19:18 IST