अपडेटेड 11 March 2025 at 16:39 IST
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद केएल राहुल ने ठुकराया कप्तानी का ऑफर! मुसीबत में टीम, किसे मिलेगी कमान?
IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल को आईपीएल 2025 के लिए कप्तानी का ऑफर दिया था। हालांकि उन्होंने इसे ठुकरा दिया। अब अक्षर पटेल कप्तान बन सकते हैं।
- खेल समाचार
- 2 min read

KL Rahul News: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल टीम इंडिया के लिए संकट मोचक साबित हुए। जब भी मैच फंसा, राहुल क्रीज पर चट्टान की तरह डटे रहे और भारत को जिताकर ही सांस ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी एक समय पर जब कोहली और रोहित आउट हुए थे, तब भारतीय फैंस की सांसें तेज हो गई थी, लेकिन राहुल ने पूरी जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली और टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम किरदार निभाया।
चैंपियंस ट्रॉफी के बाद केएल राहुल से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। IANS की रिपोर्ट के मुताबिक स्टार विकेट कीपर ने आईपीएल 2025 (IPL 2025) में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के लिए कप्तानी का ऑफर ठुकरा दिया है। मेगा ऑक्शन में दिल्ली ने राहुल को 14 करोड़ की भारी कीमत में खरीदा था और ऐसा माना जा रहा था कि ऋषभ पंत के बाद केएल राहुल ही दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान बनेंगे।
राहुल ने ठुकराया कप्तानी का ऑफर
IANS की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी ने केएल राहुल को आईपीएल 2025 के लिए कप्तानी का ऑफर दिया था। हालांकि, स्टार विकेट कीपर ने इसे ठुकराते हुए कहा कि वो बतौर खिलाड़ी टीम के लिए योगदान देना चाहते हैं। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से अभी इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और फैंस अभी भी इंतजार में हैं कि इस सीजन दिल्ली का कप्तान कौन होगा।
अक्षर पटेल बन सकते हैं दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान
मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि स्टार ऑलराउंडर अक्षर पटेल आईपीएल 2025 में दिल्ली कपिटल्स का नेतृत्व कर सकते हैं। 'बापू' पिछले कुछ सालों से DC के अहम प्लेयर साबित हुए हैं। टीम इंडिया में भी उनका कद काफी बढ़ा है और वो अब T20I में भारत के उपकप्तान हैं। इस लिहाज से देखें तो अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के लिए बिल्कुल फिट बैठते हैं।
Advertisement
दिल्ली कैपिटल्स का पहला मैच कब?
आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स का पहला मैच 24 मार्च को विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ होगा। 17 मार्च को विशाखापत्तनम के लिए रवाना होने से पहले टीम का इस सप्ताह नई दिल्ली में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर होना है।
इसे भी पढ़ें: ऐसा देश है मेरा... चैंपियंस ट्रॉफी पर दाग बर्दाश्त नहीं कर सके हार्दिक पांड्या, यूं किया साफ, तस्वीर ने जीता दिल
Advertisement
Published By : Ritesh Kumar
पब्लिश्ड 11 March 2025 at 16:39 IST