IPL 2026 CSK VS DC: चेन्नई सुपर किंग्स की पहली जीत के पीछे रहे ये 3 धुरंधर, जिनके कारण गूंज उठा स्टेडियम Whistle Podu से
Chennai Super Kings ने अपने घर में Delhi Capitals को 23 रन से हरा कर इस सीजन की पहली जीत दर्ज कराई। जानिए कौन रहे मैच के धुरंधर।
- खेल समाचार
- 2 min read

IPL 2026 CSK VS DC: शनिवार रात को Chennai Super Kings ने अपने घर में Delhi Capitals को 23 रन से हरा कर इस सीजन की पहली जीत दर्ज कराई। इसी के साथ लगातार 3 मैच हारने का सिलसिला भी थम गया। चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जीत का श्रेय संजू सैमसन, जेमी ओवरटन और अंशुल कंबोज को सबसे ज्यादा जाता है। इस कारण यह तीनों खिलाड़ी ही CSK के इस मैच के धुरंधर रहे।
मैच का पहला धुरंधर संजू सैमसन
संजू सैमसन इससे पहले Rajasthan Royals के लिए आईपीएल खेलते आए हैं। लेकिन इस सीजन से वह पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आए हैं। शनिवार को दिल्ली के साथ हुए मुकाबले में संजू सैमसन ने जीत में अपना सबसे बड़ा योगदान दिया। दिल्ली कैपिटल्स को दिए 213 रन के लक्ष्य में संजू ने अकेले ही 115 रन ठोक डाले।
संजू की यह पारी नाबाद रही जिसमें उन्होंने सिर्फ 52 गेंदों में 15 चौकों और चार छक्कों की मदद से 115 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 205.36 रहा। बता दें कि सैमसन के आईपीएल करियर का यह चौथा शतक तो वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए पहला शतक है।
Sanju Samson ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ ओपनिंग की थी। हालांकि कप्तान तो 15 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन संजू अंत तक बने रहे। दिल्ली की टीम के सभी गेंदबाजों ने संजू को आउट करने के लिए खूब पसीना बहाया लेकिन सबके प्रयास विफल रहे। ऋतुराज के बाद संजू सैमसन को आयुष महात्रे और शिवम दुबे का साथ मिला जिन्होंने 59 रन और 20 रन की पारी खेली।
Advertisement
मैच का दूसरा धुरंधर जेमी ओवरटन
फिर मैच की दूसरी पारी में दिल्ली कैपिटल्स ने जब 213 रन के लक्ष्य का पीछा करना शुरू किया तो शुरुआती ओवर्स में CSK की तरफ से कोई कमाल नहीं दिखा। लेकिन बाद में जेमी ओवरटन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अकेले दिल्ली के 4 खिलाड़ियों के विकेट ले लिए, इस दौरान उन्होंने सिर्फ 18 रन ही दिए। इनमें समीर रिजवी, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स और आकिब नबी के नाम शामिल है।
मैच का तीसरा धुरंधर अंशुल कंबोज
दो धुरंधरों के बाद CSK का तीसरा धुरंधर बने अंशुल कंबोज जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 35 रन देकर कुलदीप यादव, पथुम निस्संका (Pathum Nissanka) और Lungisani Ngidi जैसे 3 खिलाड़ियों के विकेट चटका डाले।