अपडेटेड 10 May 2024 at 21:44 IST

IPL 2024: चेन्नई के सुपर किंग्स पर जमकर बरसे गिल-साई, दो शतकों के दम पर गुजरात ने बनाया 231 का स्कोर

शुभमन गिल ने मौजूदा IPL सीजन में जबरदस्त वापसी की है। शुभमन ने CSK के खिलाफ मैच में शतक जड़ा है। इतना ही नहीं उनके जोड़ीदार साई सुदर्शन ने भी सेंचुरी लगाई है।

Follow : Google News Icon  
Shubman Gill and Sai Sudarshan Smashes Century Against CSK
शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने CSK के खिलाफ जड़े शतक | Image: IPL

IPL 2024: IPL प्लेऑफ की दौड़ में पिछड़ रही गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) ने 5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाया है। कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) और साई सुदर्शन (Sai Sudarshan) चेन्नई के सुपर किंग्स पर जमकर बरसे हैं। दोनों युवा बल्लेबाजों ने शतक जड़े हैं और गुजरात को बड़े स्कोर पर पहुंचाया है। 

एक बार की विजेता गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) और पिछले साल की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 231 रन का विशाल स्कोर बनाया है।

गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने आज जबरदस्त वापसी की। शुभमन ने शुरुआत से ही CSK के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। वहीं उनके जोड़ीदार साई सुदर्शन भी विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए। शुभमन गिल और साई सुदर्शन CSK के खिलाफ बल्ले के साथ ऐसे गरजे कि दोनों ने शतक जड़ डाले। शुभमन गिल ने जहां 55 गेंदों पर 9 चौकों और 6 छक्कों के दम पर 104 तो वहीं साई सुदर्शन ने 51 गेंदों पर 5 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 103 रन बनाए। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 210 रन की विशाल साझेदारी हुई। इन धुआंधार पारियों के दम पर गुजरात टाइटंस ने चेन्नई को 232 रन पहाड़नुमा लक्ष्य दिया है। शुभमन का IPL का ये चौथा, जबकि साई सुदर्शन का पहला शतक है। 

गिल-साई ने की शानदार रिकॉर्ड की बराबरी

Advertisement

CSK की तरफ से सभी गेंदबाज नाकाम और महंगे रहे। सिर्फ तुषार देशपांडे ही सफल रहे और दोनों विकेट उन्हीं के खाते में आए। शुभमन और सुदर्शन, दोनों को तुषार ने आउट किया। बता दें कि शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने इस शानदार पारी और साझेदारी के साथ शानदार रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के सलामी बल्लेबाजों क्विंटन डी कॉक और केएल राहुल ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ पहले विकेट के लिए 210 रन की साझेदारी की, जो एक रिकॉर्ड है। वहीं अब शुभमन और साई सुदर्शन ने 210 रन की पार्टनरशिप कर इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। 

ये भी पढ़ें- IPL 2024: 'पहले की तरह नहीं लेकिन…', कोहली को लेकर ये क्या बोल गए टॉम मूडी

Advertisement

Published By : DINESH BEDI

पब्लिश्ड 10 May 2024 at 21:44 IST